नई दिल्ली | रेलयात्रियों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि दिल्ली किशनगंज स्टेशन पर न्यू इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग पैनल को लेकर नॉन इंटरलॉकिंग कार्य किया जा रहा है जिसके चलते कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा.
रूट डायवर्ट से चलेगी ये ट्रेनें
कैप्टन शशि किरण ने बताया कि रेवाड़ी- मेरठ कैंट ट्रेन 23 फरवरी 2026 से 3 मार्च तक रेवाड़ी से प्रस्थान कर रूट डायवर्ट के चलते दिल्ली कैंट- पटेल नगर- दिल्ली सराय रोहिल्ला-नई दिल्ली होकर संचालित होगी. इस दौरान यह ट्रेन बीच रास्ते दया बस्ती, विवेकानंदपुरी हॉल्ट, दिल्ली किशनगंज और सदर बाजार स्टेशनों पर ठहराव नहीं करेगी.
वहीं, ट्रेन नंबर 14030, मेरठ छावनी- श्री गंगानगर ट्रेन 23 फरवरी से 3 मार्च तक मेरठ छावनी से प्रस्थान कर रूट डायवर्ट के चलते नई दिल्ली-दिल्ली सराय रोहिल्ला-पटेलनगर-दिल्ली छावनी होकर संचालित होगी. इस दौरान यह ट्रेन सदर बाजार, दिल्ली किशनगंज, विवेकानंदपुरी हॉल्ट और दयाबस्ती स्टेशनों पर ठहराव नहीं करेगी.
इसके अलावा नांदेड़- श्री गंगानगर ट्रेन नंबर 12439, 22 फरवरी और 1 मार्च को रूट डायवर्ट के चलते ओखला, लाजपत नगर, पटेल नगर, दयाबस्ती और शकूरबस्ती होकर संचालित होगी और नई दिल्ली स्टेशन पर ठहराव नहीं करेगी. इसी तरह ट्रेन नंबर 12485, नांदेड़- श्री गंगानगर ट्रेन 23 फरवरी, 26 फरवरी और 2 मार्च को इसी रूट से संचालित होगी.
नई दिल्ली स्टेशन पर नहीं करेगी ठहराव
ट्रेन नंबर 14619, अगरतला- फिरोजपुर कैंट ट्रेन 26 फरवरी को रूट डायवर्ट के दौरान साहिबाबाद, तिलकब्रिज, हजरत निजामुद्दीन, दिल्ली सफदरजंग, दयाबस्ती और शकूरबस्ती से गुजरेगी और नई दिल्ली स्टेशन पर ठहराव नहीं करेगी.
ट्रेन नंबर 12481, दिल्ली- श्री गंगानगर, ट्रेन नंबर 12482 श्री गंगानगर- दिल्ली, ट्रेन नंबर 14731/32, दिल्ली- भटिंडा- दिल्ली ट्रेनों के दिल्ली-शकूरबस्ती या शकूरबस्ती-दिल्ली स्टेशनों के मध्य आंशिक रद्द रहने की जानकारी दी गई है.
ट्रेन नंबर 15909, डिब्रूगढ़- लालगढ़ ट्रेन 27 फरवरी और 1 मार्च को निर्धारित समय से 2 घंटे की देरी से चलेगी. 28 फरवरी को कोहरे के चलते यह ट्रेन रद्द रहेगी.
