नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की नवनिर्वाचित बीजेपी सरकार ने नर्स प्रशिक्षुओं को मानदेय में बढ़ोतरी का तोहफा दिया है. बता दें कि नर्स प्रशिक्षुओं को मानदेय में बढ़ोतरी की खुशखबरी 27 साल के लंबे अंतराल के बाद मिली है. दिल्ली सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इस फैसले के साथ, हम नर्सिंग प्रशिक्षुओं के लिए सम्मान और गरिमा सुनिश्चित कर रहे हैं.
मानदेय में बढ़ोतरी का तोहफा
दिल्ली की भाजपा सरकार ने नर्स प्रशिक्षुओं के मानदेय में 500 रुपए की बढ़ोतरी कर दी है, जिसके बाद अब हर महीने उन्हें 13,150 रुपए मानदेय मिलेगा. स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि कैबिनेट मीटिंग में लिए गए इस फैसले से दिल्ली सरकार के गुरू तेग बहादुर अस्पताल, लोक नायक अस्पताल और दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल से संबंधित तीन नर्सिंग महाविद्यालयों के लगभग 180 नर्स प्रशिक्षुओं को लाभ मिलेगा.
लंबे समय से थी मांग
उन्होंने बताया कि सरकार का यह फैसला नर्स प्रशिक्षुओं की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करता है. पूर्व की सरकारों ने लगभग तीन दशक तक इस मुद्दे पर गंभीरता नहीं दिखाई, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और सीएम रेखा गुप्ता के नेतृत्व में बीजेपी सरकार ने इस असामनता को दूर कर दिया है.
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि वह चिकित्सा परिचारिका प्रशिक्षुओं को MBBS प्रशिक्षुओं के बराबर मानदेय देने पर विचार कर रही है. दिल्ली सरकार की ओर से जारी नोट में कहा गया है कि इस बढ़े हुए मानदेय के साथ हम परिचारिका प्रशिक्षुओं के लिए सम्मान और गरिमा सुनिश्चित कर रहे हैं.
