नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से वाहन चालकों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. यहां लालकिला मैदान में होने वाली रामलीला और दशहरा मेले के आयोजन को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा 22 सितंबर से 3 अक्टूबर तक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है. इन कार्यक्रमों में रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, आगंतुकों और VIP शामिल होंगे.
इन रास्तों पर वाहनों की एंट्री बैन
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी में वाहन चालकों को लालकिले के पास नेताजी सुभाष मार्ग पर चलने से परहेज करने का आग्रह किया गया है. त्यौहारी सीजन के दौरान शाम 5 बजे से मध्यरात्रि तक सभी व्यवसायिक वाहनों और DTC बसों को लाल किले की ओर जाने की बजाय दिल्ली गेट चौक, दरियागंज और छत्ता रेल चौक से डायवर्ट किया जायेगा.
ट्रैफिक डीसीपी निशांत गुप्ता ने बताया कि रामलीला कार्यक्रम के दौरान आने वाली भीड़ को देखते हुए दिल्ली गेट से छत्ता रेल चौक तक नेताजी सुभाष मार्ग और निषाद राज मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी. यदि जरूरी हुआ तो छत्ता रेल चौक, टी पॉइंट सुभाष मार्ग, दिल्ली गेट, शांति वन चौक और लोथियन रोड स्थित जीपीओ चौक से निजी वाहनों के लिए भी डायवर्जन लागू किया जायेगा.
वैकल्पिक व्यवस्था होगी लागू
उन्होंने बताया कि इस दौरान सुझाए गए वैकल्पिक रूट्स में दिल्ली गेट से राजघाट, शांति वन, हनुमान सेतु, केला घाट से छत्ता रेल और छत्ता रेल से हनुमान सेतु, सलीमगढ़ बाईपास, राजघाट से दिल्ली गेट शामिल हैं.
जिन आगंतुकों के पास पार्किंग लेबल नहीं है, उन्हें माधव दास पार्क, तिकोना पार्क, सुनहरी मस्जिद, परेड ग्राउंड, दंगल मैदान, ओमेक्स मॉल और चर्च मिशन रोड पर निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की सलाह दी गईं हैं.
पार्किंग लेबल वाले वाहनों के लिए लाहौरी गेट, 15 अगस्त पार्क, प्राचीर और 4A पार्किंग क्षेत्र के अंदर रिजर्व एरिया होगा. आयोजन स्थल के सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन लाल किला और जामा मस्जिद हैं. अधिकारियों ने बताया कि छत्ता रेल चौक और नेताजी सुभाष मार्ग पर दिल्ली गेट से आगे किसी भी ई- रिक्शा, ऑटो- रिक्शा या साइकिल रिक्शा को अनुमति नहीं दी जाएगी.
