नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की लाइफलाइन मानी जाने वाली मेट्रो से जुड़ी एक और अच्छी खबर सामने आई है. यहां चौथे चरण के तहत जनकपुरी पश्चिम- आरके आश्रम मेट्रो लाइन पर दीपाली चौक से मजलिस पार्क के बीच करीब 9 किलोमीटर एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है. इसपर विद्युतीकरण और सिग्नल सिस्टम कार्य पूरा होने पर हाल ही में मेट्रो का ट्रायल भी हो चुका है.
यात्रियों को मिलेगी सुविधा
उम्मीद है कि इस साल के आखिर तक दीपाली चौक से मजलिस पार्क के बीच यात्रियों के लिए मेट्रो सेवा उपलब्ध हो जाएगी. इस कॉरिडोर पर संचार आधारित ट्रेन कंट्रोल (सीबीटीसी) सिग्नल सिस्टम का इस्तेमाल किया गया है. अभी 40.26 किलोमीटर लंबी मजेंटा लाइन पर 26 स्टेशन हैं. तीसरे चरण में इस पर बॉटेनिकल गार्डन नोएडा से जनकपुरी पश्चिम तक परिचालन होता था. चौथे चरण में जनकपुरी पश्चिम- आरके आश्रम मेट्रो लाइन का निर्माण शुरू हुआ, जो मजेंटा लाइन का एक्सटेंशन है. इसकी कुल लंबाई 29.26 किलोमीटर होगी.
इस कॉरिडोर पर इस साल जनवरी में जनकपुरी पश्चिम से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन के बीच अंडरग्राउंड कॉरिडोर पर मेट्रो का परिचालन शुरू हुआ. इसलिए मजेंटा लाइन पर अभी बॉटेनिकल गार्डन से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन तक मेट्रो सेवा उपलब्ध है. कृष्णा पार्क एक्सटेंशन से दीपाली चौक के बीच एलिवेटेड कॉरिडोर का काम अभी चल रहा है और इसका निर्माण जून, 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है.
दिल्ली में इन जगहों पर स्टेशन
दीपाली चौक से मजलिस पॉर्क के बीच इस कॉरिडोर पर छह स्टेशन बने हैं. इसमें दीपाली चौक, पीतमपुरा, प्रशांत विहार, उत्तरी पीतमपुरा, हैदरपर बादली मोड़ व मजलिस पार्क शामिल हैं. इसमें 3 इंटरचेंज स्टेशन होंगे. पीतमपुरा वर्तमान रेड लाइन के साथ, हैदरपुर बादली मोड़ येलो लाइन के साथ और मजलिस पार्क पिंक लाइन के साथ इंटरचेंज स्टेशन होगा.
