नई दिल्ली | पूर्वी भारत जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ लगातार बनी हुई है. अधिकांश ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिलने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे लगातार विशेष ट्रेनों का संचालन कर रहा है. इसी क्रम में यात्रियों की सुविधा के लिए आनंद विहार टर्मिनल से भुवनेश्वर के बीच एक स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया गया है.

रेलवे के अनुसार, 04466 नंबर की विशेष ट्रेन बुधवार को आनंद विहार टर्मिनल से रात 12.30 बजे रवाना होगी. यह ट्रेन पूर्व दिशा की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध कराएगी और प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है.
यहां होगा ठहराव
यात्रा के दौरान ट्रेन का ठहराव गाजियाबाद, गोविंदपुरी, सुबेदारगंज, मिर्जापुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, अनुग्रह नारायण रोड, गया, पहाड़पुर, कोडरमा, हजारीबाग रोड, पारसनाथ, नेताजी सुभाष चंद्र बोस गोमो, आद्रा, बांकुड़, बिष्णुपुर, मेदिनीपुर, हिजली, बालासोर, भद्रख, जजपुर केंद्रुझर रोड और कटक रेलवे स्टेशनों पर होगा. इसके बाद ट्रेन अपने अंतिम गंतव्य भुवनेश्वर पहुंचेगी. विभिन्न रूटों पर यात्रियों की संख्या और टिकटों की मांग की लगातार समीक्षा की जा रही है.
मिलेगी राहत
जिन मार्गों पर भीड़ अधिक मिल रही है, वहां जरूरत के अनुसार विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है. अधिकारियों के मुताबिक, आने वाले दिनों में अन्य व्यस्त रूटों पर भी अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया जा सकता है. विशेष ट्रेनों के संचालन से कन्फर्म टिकट पाने में यात्रियों को आसानी होगी और लंबी प्रतीक्षा सूची का दबाव भी कम किया जा सकेगा. खासकर त्योहारों और छुट्टियों के दौरान पूर्वी राज्यों की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को इससे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.