खुशखबरी: साउथ दिल्ली से अलविदा होगा ट्रैफिक जाम, 1471 करोड़ रुपए से बनेगा नया एलिवेटेड कॉरिडोर

नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में साउथ दिल्ली के लोगों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने यहां ट्रैफिक जाम की जकड़न दूर करने के लिए संगम विहार, खानपुर, पुल प्रहलादपुर और बदरपुर को जोड़ने वाले एलिवेटेड कॉरिडोर, अंडरपास और सड़कों के पुनर्विकास की महापरियोजना पर काम शुरू कर दिया है. इसके तहत DMRC ने तकनीकी अध्ययन और डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

Elevated Road

DMRC ने बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य दिल्ली की सबसे बिजी सड़कों में से एक महरौली- बदरपुर रोड से ट्रैफिक जाम का मकड़जाल हटाकर लोगों के सफर को आरामदायक बनाना है. वर्तमान में यहां घनी आबादी, सड़क किनारे पार्किंग और लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव के चलते अक्सर ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ रहा है.

यहां पर बनेगा नया एलिवेटेड कॉरिडोर

लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए अब यहां संगम विहार से मां आनंदमई मार्ग तक 5 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा. पुल प्रहलादपुर से बदरपुर की ओर करीब 1.1 किलोमीटर लंबा एक और एलिवेटेड स्ट्रेच प्रस्तावित है. वहीं, मां आनंदमई मार्ग और पुल प्रहलादपुर के बीच करीब दो किलोमीटर लंबे हिस्से को UTTIPEC मानकों के तहत दोबारा डिजाइन किया जाएगा. इसमें बेहतर सड़क व्यवस्था, पैदल यात्रियों के लिए सुविधाएं और ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम शामिल होगा.

यह भी पढ़े -  Cooperative Bank Jobs: जैन को ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड दिल्ली में निकली क्लर्क कम कैशियर के पदों पर भर्ती, स्नातक पास करें आवेदन

यह परियोजना साकेत G ब्लॉक, अंबेडकर नगर, खानपुर और पुल प्रह्लादपुर जैसे घनी आबादी वाले इलाकों को जोड़ेगी. साथ ही मौजूदा फ्लाईओवर और मेट्रो कॉरिडोर के साथ भी इसका एकीकरण किया जाएगा. इस परियोजना में एलिवेटेड रोड, अंडरपास, सब-वे और टनल जैसी सुविधाएं शामिल होंगी ताकि ट्रैफिक बाधाओं को कम किया जा सके और दक्षिण दिल्ली से बदरपुर बॉर्डर तक सफर आसान हो सके.

1471 करोड़ रुपए होंगे खर्च

DMRC ने बताया कि तकनीकी सर्वे और DPR तैयार करने के कार्य को सितंबर महीने तक पूरा कर लिया जाएगा. इस पूरे प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत करीब 1,471 करोड़ रुपए आंकी गई है. गत मार्च महीने में दिल्ली सरकार ने इस परियोजना को अपनी मंजूरी प्रदान की थी और DMRC को इसके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.