जमाखोरी रोकने के लिए भारत सरकार का बड़ा कदम, अब डिलीवरी के 25 दिन बाद ही बुक होगा दूसरा सिलेंडर

नई दिल्ली | ईरान के साथ इजरायल व अमेरिका की लड़ाई का असर दुनिया के बाकी देशों में भी देखने को मिलने लगा है. भारत देश की बात करें तो यहां भी इसका प्रभाव नजर आने लगा है. यहां सिर्फ घरेलू रसोई गैस सिलेंडर ही नहीं बल्कि कमर्शियल गैस सिलेंडर भी महंगा हो गया है. वहीं, गैस सिलेंडर की जमाखोरी रोकने के लिए भी केंद्र सरकार द्वारा एक बड़ा कदम उठाया गया है.

LPG Cylinder

गैस सिलेंडर बुकिंग नियमों में बदलाव

मिडिल ईस्ट टेंशन के बीच केंद्र सरकार ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की रीफिल बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव कर दिया है. सरकार ने बताया कि गैस सिलेंडर की जमाखोरी रोकने और सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है. पिछले कुछ समय से देखने को मिल रहा है कि जरूरत न होने पर भी लोग सिलेंडर बुक करके स्टॉक कर रहे थे.

केंद्र सरकार द्वारा जारी नई गाइडलाइन के मुताबिक, अब उपभोक्ता एक सिलेंडर डिलीवर होने के बाद दूसरा सिलेंडर 21 दिन की बजाय 25 दिन बाद ही बुक कर सकेंगे. यानि आपने पहला सिलेंडर किसी महीने की 3 तारीख को लिया है आपके लिए रीफिल बुकिंग की अगली तारीख 28 रहेगी. सरकार का मानना है कि प्रतीक्षा समय को 25 दिन करने से बेवजह की बुकिंग पर अंकुश लगेगा. इससे उन लोगों के लिए सिलेंडर मिलना आसान हो जाएगा जिन्हें वाकई में इसकी जरूरत है.

यह भी पढ़े -  दिल्ली से भुवनेश्वर जाने वालों को राहत, रेलवे ने चलाई स्पेशल ट्रेन

सिलेंडर के दामों में जोरदार वृद्धि

एक लंबे अर्से के बाद घरेलू रसोई गैस की कीमत में बढ़ोतरी हुई है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम भारवर्ग वाले गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपए की बढ़ोतरी हुई है जिसके बाद अब इसकी नई कीमत 913 रुपए हो गई है जबकि पहले 853 रुपए का मिलता था.

19 किलोग्राम भारवर्ग वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 115 रुपए की बढ़ोतरी हुई है जिसके बाद अब इसकी नई कीमत 1883 रुपए हो गई है. बढ़ी हुई कीमतें 7 मार्च से लागू हो चुकी है. वहीं, पंजाब और राजस्थान में कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई पर रोक लगा दी गई है. ईरान के साथ इजरायल व अमेरिका की लड़ाई को देखते हुए भारत में गैस की किल्लत की आंशका जताई जा रही है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.