नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और NCR क्षेत्र में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में 17 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अर्बन एक्सटेंशन रोड- 2 (UER- 2) का उद्घाटन किया है. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस सड़क मार्ग के निर्माण से गुरुग्राम और दिल्ली स्थित IGI एयरपोर्ट से NH- 44 तक पहुंचने में मात्र 1 घंटे का समय लगेगा. वाहन 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेंगे. पूरा रास्ता ट्रैफिक जाम से कोसों दूर होगा. पूरी यात्रा के दौरान सड़क पर कोई ब्रेकर या लालबत्ती पर ठहराव की आवश्यकता नहीं पड़ेगी.
टोल करेगा जेब ढीली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस दावे की पड़ताल करने के लिए अगले दिन UER- 2 का रियलिटी चेक किया गया, तो NH- 44 से 1 घंटे में गुरुग्राम और एयरपोर्ट पहुंचने का दावा लगभग ठीक निकला. एक बात जिससे ज्यादातर लोग अभी भी अंजान है, वो ये है कि लोगों को इस आसान सफर के लिए अपनी जेब अच्छी- खासी ढीली करनी होगी.
इस सड़क मार्ग पर टोल प्लाजा शुरू हो चुका है. जिसपर 235 से 350 रुपए तक टोल चुकाना होगा. यदि आप सोनीपत से आते हुए वाया बवाना इस रोड पर आते हैं, तो गुरुग्राम तक सफर के लिए करीब 310 रुपए टोल टैक्स का भुगतान करना होगा.
नहीं लगेगा टोल
बक्करवाला से आगे बहादुरगढ़ स्पर का जंक्शन हैं. यहां से रोहतक व बहादुरगढ़ से आकर UER- 2 से IGI एयरपोर्ट और गुरुग्राम आवाजाही करने वाले हैं तो उन्हें कोई टोल नहीं देना होगा. टोल प्लाजा यहां से UER- 2 पर चढ़ने वाले वाहनों के बीच में नहीं आता है.
संभावित टोल शुल्क
| वाहन | सिंगल | डबल |
| कार | 235 | 350 |
| छोटे वाहन | 375 | 565 |
| ट्रक बस | 860 | 1290 |
| बड़े ट्रक | 1235 | 1855 |
| ट्रेलर | 1505 | 2260 |
इन इलाकों को पहुंचेगा फायदा
- UER- 2 बवाना, नरेला, कंझावला, मुंडका, द्वारका, सोनीपत, रोहतक, बहादुरगढ़ से जुड़ा हुआ है.
- इसे द्वारका एक्सप्रेसवे और दिल्ली- चंडीगढ़ हाइवे सहित कई अन्य नेशनल हाईवे से सीधी कनेक्टिविटी दी गई है.
- गुरुग्राम और दिल्ली में ट्रैफिक जाम कम करने और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए यह सड़क मार्ग बेहतर विकल्प साबित होगा.
- इसे तीसरे रिंग रोड के रूप में डिजाइन किया गया है, जो इनर और आउटर रिंग रोड को जोड़ता है.
