नूंह | महाशिवरात्रि पर्व के शुभ अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी नूंह जिले में पहुंचे जहां उन्होंने विकसित सोहना- तावडू विधानसभा रैली को संबोधित किया. इससे पहले मुख्यमंत्री सुबह नल्हड़ के प्राचीन शिव मंदिर में पहुंचे थे जहां उन्होंने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया और भोले बाबा की आरती की. रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नूंह- सोहना- तावडू बाईपास निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा.
भूमि उपलब्ध होने पर पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस बनाया जाएगा. प्राइमरी हेल्थ सेंटर, तावडू के हसनपुर में सामुदायिक केंद्र, नया बस स्टैंड और सोहना में नई अनाज मंडी बनाई जाएगी.
INLD- कांग्रेस पर साधा निशाना
विकसित रैली के संबोधन में INLD और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इनकी सरकार के समय बुजुर्गो को 6- 6 महीने तक पेंशन नहीं मिलती थी. चौटाला सरकार में बुजुर्गो को मात्र 300 रुपए और कांग्रेस सरकार के समय मात्र एक हजार रुपए मिलते थे लेकिन सूबे की बीजेपी सरकार ने 2200 रुपए पेंशन बढ़ाने का काम किया है. आज हरियाणा में सामाजिक सुरक्षा पेंशन के नाम पर 3200 रुपए प्रति माह की आर्थिक सहायता राशि मिल रही है.
इन प्रोजेक्ट्स का हुआ उद्घाटन
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने लगभग साढ़े 25 करोड़ रुपए के पांच प्रमुख प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास किया. इनमें 10 गांवों में लाईब्रेरी का निर्माण, नूंह में जिला लाइब्रेरी सह- एक्सीलेंस सेंटर, सीईओ एमडीए का आवासीय परिसर, मकबरा परिसर का संरक्षण और झामुवास गांव में स्टेडियम का पुनर्विकास कार्य शामिल हैं.
इन प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने रैली के दौरान 21.27 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स का भी उद्घाटन किया. इनमें 25 स्कूलों में खेल मैदान, अरावली क्षेत्र में जल संचयन संरचनाएं, 40 स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों में हाइब्रिड सोलर प्लांट, मढ़ी (नगीना) में NEET/ JEE कोचिंग सेंटर, स्कूलों में फेशियल बायोमेट्रिक सिस्टम, एचएलजी कॉलेज तावडू में नए कक्ष, अटल किसान कैंटीन, कन्या विद्यालय भवन, तालाब निर्माण, सोहना फव्वारा चौक का सौंदर्याकरण और सेजावास में बूस्टिंग सिस्टम प्रमुख हैं.
