नूंह | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को नूंह जिले के पुन्हाना में आयोजित ‘मेवात विकास संकल्प रैली’ में कई बड़ी विकास योजनाओं की घोषणा की. मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक केवल पुन्हाना विधानसभा क्षेत्र में ही करीब 600 करोड़ रुपए के विकास कार्य कराए गए हैं. उन्होंने बताया कि क्षेत्र के लिए की गई 99 महत्वपूर्ण घोषणाओं में से 85 पूरी की जा चुकी हैं.

रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने पिनगवां या पुन्हाना में एक यूनिवर्सिटी की स्थापना के लिए विशेष कमेटी बनाने की घोषणा की. युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से पुन्हाना में 13.57 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक स्पोर्ट्स स्टेडियम बनाया जाएगा.
की गई घोषणा
उन्होंने नगर पालिका पुन्हाना में 16.85 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक ऑडिटोरियम और मल्टीपरपज हॉल के निर्माण की भी घोषणा की. स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सब हेल्थ सेंटर के निर्माण हेतु 2.40 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि मांग पत्र में शामिल गांवों की ड्रेनों पर वीआर पुलों का पुनर्निर्माण कराया जाएगा. वहीं, मार्केट बोर्ड के अधीन आने वाली 35 किलोमीटर लंबी 11 सड़कों की स्पेशल रिपेयर कराई जाएगी. बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विभाग से जुड़े 32 विकास कार्यों को पूरा करने हेतु 1 करोड़ रुपए की स्वीकृति भी दी गई.
पर्यटन को बढ़ावा
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने 84 कोस परिक्रमा मार्ग के सौंदर्यकरण हेतु 1 करोड़ रुपए देने की घोषणा की. इसके अलावा पुन्हाना विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में विकास कार्यों के लिए अलग से 5 करोड़ रुपए की ग्रांट देने का भी ऐलान किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मेवात क्षेत्र के समग्र विकास, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है.