नूंह | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को नूंह जिले को विकास की कई बड़ी सौगात देंगे. मुख्यमंत्री स्वास्थ्य विभाग और मेवात विकास अभिकरण से जुड़ी कुल 21 परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे. इन परियोजनाओं पर 174 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च होगी. स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के तहत पुराने CHC नूंह परिसर में 155.49 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 100 बेड वाले जिला सामान्य अस्पताल (DCH) का शिलान्यास किया जाएगा. ग्रामीण क्षेत्रों में नए उप स्वास्थ्य केंद्र (SHC) और ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (BPHU) भवनों का निर्माण भी शामिल है.
पुनहाना और मांडीखेड़ा में स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित भवनों का उद्घाटन भी मुख्यमंत्री करेंगे. स्वास्थ्य विभाग की कुल 11 परियोजनाओं पर 163 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए जाएंगे.
10 परियोजनाएं
मुख्यमंत्री मेवात विकास अभिकरण की करीब 11.18 करोड़ रुपये की 10 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इनमें नूंह में सार्वजनिक पार्क, पिनगवां खेल स्टेडियम का नवीनीकरण, 100 मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र और राजकीय विद्यालयों में बालिका शौचालय व खेल मैदान जैसी परियोजनाएं शामिल हैं. पुस्तकालय और हाइब्रिड सोलर पावर प्लांट भी स्थापित किए जाएंगे. विद्यार्थियों को करीब 92 लाख रुपये की छात्रवृत्ति राशि वितरित की जाएगी.
खंड पिनगवां के गांव लाहबास में 86.17 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अल्वी भवन का भी मुख्यमंत्री शिलान्यास करेंगे. यह भवन सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया जाएगा.
शामिल होंगे CM
मुख्यमंत्री नवनियुक्त प्राथमिक अध्यापकों (नूंह/मेवात संवर्ग) के राज्य स्तरीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. इसके साथ ही वे मेवात विकास बोर्ड के कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे. CM के कार्यक्रम को लेकर नई अनाज मंडी, नूंह में तैयारियों का जायजा लिया गया है. प्रशासन की ओर से कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं. इन परियोजनाओं से जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल और सामाजिक आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है.
