नूंह | NCR क्षेत्र के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है. यहां नूंह जिले से गुजरने वाले दिल्ली- अलवर नेशनल हाईवे (NH- 248A) को फोरलेन बनाया जाएगा. बता दें कि इस सड़क मार्ग को फोरलेन बनाने के लिए कांग्रेस विधायक आफताब अहमद ने केंद्रीय सड़क मंत्री नितिन गडकरी को एक पत्र लिखा था. नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) ने आफताब अहमद के पत्र के जवाब में कहा है कि इस सड़क को फोरलेन बनाया जाएगा और यह मामला विचाराधीन है.
लंबे समय से उठ रही मांग
केंद्रीय सड़क मंत्री नितिन गडकरी ने पत्र में बताया है कि गुरुग्राम- अलवर (NH- 248A) के निर्माण कार्य को केंद्र सरकार ने अपने 2024- 25 के सालाना प्लान में शामिल कर लिया है. कांग्रेस विधायक आफताब अहमद ने कहा कि इस सड़क मार्ग को फोरलेन बनाने के काम को सालाना प्लान में शामिल करना काफी नहीं है. इससे पहले भी इसे सालाना प्लान में शामिल किया जा चुका है लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं हुआ है. उन्होंने बताया कि 47 किलोमीटर लंबे इस सड़क मार्ग के निर्माण पर करीब 555 करोड़ रूपए की लागत राशि खर्च होगी. इसे नूंह- नौगावां राजस्थान बार्डर तक फोरलेन किया जाना है.
आफताब अहमद ने कहा कि पूर्व की हुड्डा सरकार ने गुरुग्राम से अलवर बार्डर तक इस सड़क मार्ग को नेशनल हाईवे घोषित किया था. इस दौरान नूंह तक फोरलेन निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया था, लेकिन सत्ता परिवर्तन के बाद काम आगे नहीं बढ़ रहा है. क्षेत्र के लोग पिछले कई सालों से इस सड़क मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग मजबूती से उठाते आ रहें हैं. उन्होंने BJP सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सड़क मार्ग सालों से खूनी रोड के नाम से जाना जाता है. इस सड़क पर बहुत ज्यादा ट्रैफिक दबाव रहता है, जिससे न केवल जाम की स्थिति बनी रहती है, बल्कि आए दिन सड़क हादसे भी होते रहते हैं.
दो चरणों में पूरा होगा काम
विधायक आफताब अहमद ने बताया कि नितिन गडकरी द्वारा भेजे गए जवाब में कहा गया है कि इस सड़क मार्ग का इंजीनियरिंग प्रोक्योरमेंट कंस्ट्रक्शन यानी ईपीसी मोड पर निर्माण किया जाएगा. जिस कंपनी को इसका ठेका दिया जाएगा वह इसका सारा काम शुरू से आखिर तक देखेगी. मालब तथा भादस गांव में प्रस्तावित बाईपास को दूसरे चरण में बनाया जायेगा.
इस सड़क मार्ग को 2 चरणों में फोरलेन बनाने का इशारा किया गया है. उन्होंने कहा कि यदि आने वाले कुछ दिनों में इसपर काम शुरू होता है तो इस योजना को पूरा करने में लगभग 2 साल का समय लग जाएगा.
