हरियाणा के इस शहर को मिलेगा नए बाईपास का तोहफा, बजट सत्र से सामने आई खुशखबरी

नूंह | हरियाणा में सड़क नेटवर्क का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में तावडू क्षेत्र को नए बाईपास की सौगात मिलने जा रही है. विधानसभा के बजट सत्र में तावडू विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक तेजपाल तंवर के प्रश्न का जवाब देते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि भिवाड़ी मोड़ से पलवल तक सड़क मार्ग को फोरलेन निर्माण की योजना बनाई गई है और एलाइनमेंट तैयार करने के लिए केंद्रीय मंत्रालय स्तर पर समीक्षा चल रही है.

Road Sadak

नए बाईपास का मिलेगा तोहफा

रणबीर गंगवा ने बताया कि तावडू शहर के दक्षिणी हिस्से में 3.8 किलोमीटर लंबा बाईपास पहले से बना हुआ है. समय के साथ इस बाईपास के आसपास का क्षेत्र काफी विकसित हो चुका हैं जिसके चलते यह बाईपास अब शहर के भीतरी इलाकों से जुड़ चुका है. इसी वजह से यहां ट्रैफिक दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति उत्पन्न होने लगी है.

उन्होंने बताया कि इस समस्या से निजात दिलाने के लिए शहर के उत्तरी हिस्से में नया बाईपास बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है. इस प्रोजेक्ट के अन्तर्गत, भिवाड़ी मोड़ से पलवल तक सड़क मार्ग को फोरलेन में विकसित करने की योजना के साथ जोड़ा गया है ताकि ट्रैफिक संचालन सुचारू रूप से जारी रहें. इस प्रोजेक्ट की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने का कार्य केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय द्वारा स्वीकृत किया जा चुका है.

ट्रैफिक संचालन होगा सुगम

इसके लिए एक कंसल्टेंट की नियुक्ति की गई थी जिन्होंने इस मार्ग का सर्वे कर फिजिबिलिटी स्टडी और एलाइनमेंट रिपोर्ट तैयार कर ली है. इस रिपोर्ट को मंजूरी के लिए केंद्रीय सड़क मंत्रालय के पास भेजा गया है. वहां से मंजूरी मिलते ही राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम के तहत भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी. इस प्रकिया के पूरा होते ही नए बाईपास के निर्माण कार्य को हरी झंडी दिखा दी जाएगी.

PWD मंत्री ने कहा कि इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर तावडू क्षेत्र को ट्रैफिक जाम के झंझट से मुक्ति मिलेगी और पलवल- भिवाड़ी सड़क पर ट्रैफिक संचालन और ज्यादा सुगम हो जाएगा. लोगों को शहर की सड़कों की भीड़- भाड़ से निजात मिलेगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.