नूंह | हरियाणा में सड़क नेटवर्क के ढांचे को मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में दिल्ली से सटे प्रदेश के 2 जिलों नूंह और पलवल के लोगों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. लोक निर्माण विभाग (PWD) ने जर्जर हालत में पहुंच चुकी इन दोनों जिलों को जोड़ने वाली 32 किलोमीटर लंबी सड़क का नए सिरे से निर्माण करने का योजना बनाई है. इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और अक्टूबर महीने से काम शुरू कर दिया जाएगा.
लंबे अर्से बाद मिलेगी राहत
दोनों जिलों नूंह और पलवल को जोड़ने वाला सड़क मार्ग पिछले लंबे समय से खस्ताहाल स्थिति से जूझ रहा है. इस रास्ते से हर रोज हजारों की आबादी आवागमन करती है, लेकिन सड़क पर गढ्ढों के चलते खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है. खासकर बारिश के दिनों में हालात और भी ज्यादा खराब हो जाते हैं. इस सड़क के निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों से लेकर स्टूडेंट्स और नौकरीपेशा व्यक्ति लंबे समय से मांग उठा रहे थे. लोगों की डिमांड पर अब विभाग द्वारा सड़क मार्ग का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा ताकि लोगों को राहत मिल सके.
3 करोड़ रुपए होंगे खर्च
लोक निर्माण विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि इस सड़क मार्ग के निर्माण में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि लंबे समय तक मजबूती बनी रहें. इसके निर्माण पर 3 करोड़ रुपए खर्च होंगे. उन्होंने आश्वासन देते हुए कहा कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा.
सफर करना होगा सुरक्षित
इस सड़क के बनने से नूंह और पलवल दोनों जिलों के लोगों का सफर आसान व सुरक्षित बनेगा. इसके साथ ही, मंडी में फसल लेकर आने वाले किसानों को भी पक्के रास्ते पर सफर की सुविधा मिलेगी. इसके निर्माण से न केवल स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी बल्कि व्यवसायिक गतिविधियां भी तेज होगी. आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों के लिए गुरुग्राम और फरीदाबाद की आवाजाही करना आसान हो सकेगा.
