नूंह | हरियाणा की नायब सैनी सरकार सूबे में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रही है. इसी कड़ी में जर्जर हालत में पहुंच चुकी नूंह से पलवल को जोड़ने वाली 2 प्रमुख सड़कों को चकाचक किया जाएगा. लोक निर्माण विभाग द्वारा अगले महीने से इन सड़कों का नए सिरे से निर्माण किया जाएगा, जिससे दर्जनों गांवों के हजारों लोगों का सफर आसान व सुरक्षित हो सकेगा.
खस्ताहाल स्थिति में सड़क मार्ग
नूंह से पलवल के बीच करीब 15 किलोमीटर लंबी ये सड़कें पिछले कई सालों से खस्ताहाल स्थिति से जूझ रही है. यहां सड़क कम और गढ्ढे ज्यादा नजर आ रहे हैं. बरसात के दिनों में जलभराव से हालात और ज्यादा खराब हो जाते हैं. गढ्ढों में पानी खड़ा होने से आए दिन सड़क हादसे होने का अंदेशा बना रहता है. इसलिए लोग लंबे समय से इन सड़कों के निर्माण की मांग उठा रहे थे. लोगों की मांग पर संज्ञान दिखाते हुए PWD ने अब इन सड़कों को नए सिरे से बनाने का फैसला लिया है.
गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता
लोक निर्माण विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि इन सड़कों के निर्माण के लिए एजेंसी को ठेका सौंप दिया गया है. इन सड़कों के निर्माण में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि लंबे समय तक सड़क मजबूत और टिकाऊ बनी रहें. उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.
स्थानीय निवासियों को मिलेगी राहत
इन सड़कों के नए सिरे से निर्माण से व्यवसायिक गतिविधियां तेज होगी. आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों को गुरुग्राम और फरीदाबाद आवाजाही करने में आसानी होगी. किसानों को अपनी फसल मंडियों में ले जाने में आसानी होगी. वहीं, साथ लगते गांवों के लोगों का सफर आसान व सुरक्षित होगा. इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे. 3 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली इन सड़कों के निर्माण कार्य को 3 महीने में पूरा कर लिया जाएगा.
