पलवल | हरियाणा के पलवल शहर की आबादी के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां शहर में जलापूर्ति व्यवस्था का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए लगभग 80 किलोमीटर लंबी नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी. इस प्रोजेक्ट पर लगभग 101 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च होगी.
नए टैंकों का होगा निर्माण
शहर में 7 नए पानी के टैंक का निर्माण कर जलापूर्ति व्यवस्था को और ज्यादा बेहतर किया जाएगा ताकि लोगों को पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सके. जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि शहर में बहुत सी जगहों पर पानी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त या काफी पुरानी हो चुकी है जिसके चलते पर्याप्त जलापूर्ति करने में बाधा उत्पन्न हो रही है.
उन्होंने बताया कि अब इस योजना के तहत कई जगहों पर नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी और क्षतिग्रस्त हो चुकी लाइनों को भी बदला जाएगा. इस प्रोजेक्ट पर बहुत जल्द काम शुरू कर दिया जाएगा. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर शहर के विभिन्न हिस्सों में जलापूर्ति अधिक व्यवस्थित और सुचारू हो सकेगी. इससे लंबे समय से पर्याप्त जलापूर्ति की समस्या झेल रहे लोगों को राहत पहुंचेगी.
हर कोने तक व्यवस्थित होगी जलापूर्ति
इस योजना के तहत, शहर के अलग- अलग हिस्सों में सात बड़े पानी के टैंक तैयार किए जाएंगे. इन टैंकों में पानी एकत्रित कर आसपास के क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति दी जाएगी. इससे दूरदराज इलाकों तक भी पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी. अभी कई इलाकों में पाइपलाइन होने के बावजूद पर्याप्त दबाव नहीं बन पाता है जिससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है.
अब नई व्यवस्था लागू होने के बाद टैंकों से पाइपलाइनों को जोड़कर बेहतर वितरण प्रणाली तैयार की जाएगी. पाइपलाइन नेटवर्क को इस तरह तैयार किया जाएगा कि उंचाई वाले इलाकों में भी पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित हो सके. शहरवासियों ने इस योजना के लिए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया है.
