पलवल | हरियाणा में कपास उत्पादक किसानों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. कृषि एवं किसान कल्याण विभाग पलवल के उपनिदेशक डॉ. अनिल सहरावत ने बताया कि सूक्ष्म पोषक तत्वों एवं एकीकृत कीट प्रबंधन पर सब्सिडी के लिए राज्य सरकार (Haryana Govt) द्वारा आवेदन आमंत्रित किए गए हैं.
2 हजार रुपए प्रति एकड़ मिलेगी सब्सिडी
डॉ. अनिल सहरावत ने बताया कि जिन किसानों ने कपास फसल की बिजाई की हुई है, उन्हें फसल में सूक्ष्म पोषक तत्वों एवं कीट प्रबंधन के प्रयोग के लिए अधिकतम 2 एकड़ के लिए 2 हजार रुपये प्रति एकड़ या 50 प्रतिशत, जो भी कम हो, सब्सिडी प्रदान की जाएगी.
उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ उठाने के लिए मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पर पंजीकृत किसानों की सत्यापित फसल के आधार पर किसान द्वारा agriharyana.gov.in पोर्टल पर आवेदन करने के साथ-साथ कपास की फसल में प्रयोग किए गए सूक्ष्म पोषक तत्वों एवं कीटनाशकों के बिल अपलोड करना भी अनिवार्य है.
30 सितंबर तक करें आवेदन
जो किसान बिल अपलोड नहीं करेंगे, उन्हें योजना का लाभ नहीं मिलेगा. ऑनलाइन आवेदन करने और बिल अपलोड करने की लास्ट डेट 30 सितंबर निर्धारित की गई है. उन्होंने कपास उत्पादक किसानों से आग्रह करते हुए कहा कि वे निर्धारित तारीख तक आवेदन करें और योजना का लाभ उठाएं.
पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन अनिवार्य
सहायक तकनीकी प्रबंधक अतुल शर्मा ने बताया कि कृषि संबंधी सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए किसानों को मेरी फसल- मेरा ब्यौरा पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य किया गया है. सभी किसान साथी लास्ट डेट 31 अगस्त तक रजिस्ट्रेशन करवा लें ताकि कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ मिलता रहे.
