पलवल | हरियाणा परिवहन विभाग (Haryana Transport Department) द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पलवल से प्रयागराज माघ मेला के लिए स्पेशल बस सेवा शुरू की गई है. खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने इस बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
पलवल से यह रहेगा शेड्यूल
प्रयागराज माघ मेला के लिए सीधी बस सेवा को हरी झंडी दिखाने के शुभ अवसर पर खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि इस बस सेवा के शुरू होने से आमजन को प्रयागराज तक आवागमन करने में सुविधा प्राप्त होगी. अभी पलवल और फरीदाबाद के लोगों को प्रयागराज जाने के लिए दिल्ली से ट्रेन या बस पकड़नी पड़ रही थी. इन जगहों से कोई सीधी बस सेवा उपलब्ध नहीं थी. ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा का ख्याल रखते हुए प्रयागराज माघ मेला के लिए सीधी बस सेवा शुरू किया गया है.
उन्होंने बताया कि यह बस रोजाना सुबह 8 बजे पलवल बस स्टैंड से प्रयागराज के लिए संचालित होगी जिससे माघ मेला के दौरान दर्शन और पवित्र स्नान के लिए यात्रा और अधिक सुगम हो सकेगी. इस बस में पलवल से प्रयागराज के लिए प्रति व्यक्ति यात्री किराया 900 रुपए निर्धारित किया गया है. इस बस सेवा के जरिए पलवल और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालु 14 जनवरी को मकर संक्रांति के दिन गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य कमा सकेंगे.
यह रहेगा रूट
यह बस पलवल बस स्टैंड से रोजाना सुबह 8 बजे रवाना होकर मथुरा, आगरा, इटावा, कानपुर, फतेहपुर होते हुए लगभग 645 किलोमीटर का सफर तय करके रात लगभग 8 बजे प्रयागराज पहुंचेगी. वापसी में यह बस प्रयागराज से शाम 5 बजे रवाना होकर सुबह 5 बजे पलवल पहुंचेगी. खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने बताया कि श्रद्धालुओं की मांग को पूरा करते हुए मंगलवार को UP के प्रयागराज में 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के पावन पर्व तक आयोजित किए जा रहे माघ मेला के लिए इस सेवा को शुरू किया गया है.
