पलवल | दीपावली से पहले पलवल के ग्रामीण इलाकों में बिजली व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है. जी हां, दरअसल जेंदापुर में करीब 45 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा. इसके लिए 66 KV सब स्टेशन लगभग तैयार हो चुका है. फिलहाल, इसकी अंतिम टेस्टिंग चल रही है और बिजली निगम इसे त्योहार से पहले शुरू करने की तैयारी में जुटा है.
सब स्टेशन के चालू होने के बाद जेंदापुर समेत आसपास के 13 गांवों को इसका सीधा लाभ मिलेगा. लंबे समय से बिजली कटौती और ओवरलोडिंग की समस्या झेल रहे ग्रामीणों को इससे राहत मिलने की उम्मीद है.
जुड़ेगा सब स्टेशन
जेंदापुर के नए सब स्टेशन को 220 KV हरफली सब स्टेशन से 66 KV डबल सर्किट लाइन के जरिए जोड़ा जाएगा. नई लाइन बिछाने का काम भी जारी है. इसके शुरू होने पर 220 KV मेघपुर, 66 KV सौना और मिंडकोला सब स्टेशनों पर मौजूद अतिरिक्त बिजली भार कम होगा. इससे पूरे क्षेत्र की सप्लाई व्यवस्था मजबूत होगी. ग्रामीणों के मुताबिक पहले कई गांवों में रोजाना पांच से छह घंटे तक बिजली कटौती होती थी. इसका असर घरों के साथ खेती और छोटे कारोबार पर भी पड़ता था. गर्मियों में बिजली की मांग बढ़ने पर ओवरलोडिंग की वजह से परेशानी और बढ़ जाती थी. नए सब स्टेशन के बाद इन दिक्कतों में कमी आने की उम्मीद है.
13 गांवों को मिलेगा फायदा
जेंदापुर सहित आसपास के 13 गांवों में बिजली आपूर्ति अधिक बेहतर और निर्बाध होने की संभावना है. नई लाइन से वितरण नेटवर्क पर दबाव घटेगा और बार- बार होने वाली कटौती से भी राहत मिल सकती है. हथीन के उटावड़ गांव में भी 66 KV बिजली सब- स्टेशन का निर्माण चल रहा है. इसके शुरू होने के बाद उटावड़ और आसपास के क्षेत्रों में ओवरलोडिंग तथा पुरानी लाइनों से जुड़ी समस्याएं कम होंगी. इससे हथीन और बहीन सब- स्टेशनों का अतिरिक्त लोड भी घटेगा और ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति सुचारू होने की उम्मीद है.
