हरियाणा रोडवेज ने पलवल से महाकुंभ मेले के लिए शुरू की सीधी बस सेवा, यहां देखें शेड्यूल

पलवल | हरियाणा परिवहन विभाग (Haryana Roadways Department) ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित हो रहे महाकुंभ मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए पलवल से सीधी बस सेवा शुरू करने का फैसला लिया है. महाकुंभ जाने वाले श्रद्धालुओं व महामंडलेश्वर महंत कामता दास महाराज के आग्रह पर रोडवेज ने पलवल बस स्टैंड से दो बसें संचालित करने की तैयारियां शुरू कर दी है.

roadways

महंत के आग्रह पर लिया फैसला

प्रयागराज महाकुंभ में इस बार भी ऐतिहासिक पंचवटी मंदिर के नाम पर पंचवटी व भरत नगर बसाया गया है, जहां महामंडलेश्वर महंत कामता दास महाराज के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में पलवल के युवा पहुंचे हुए हैं. रोजाना काफी संख्या में श्रद्धालु भी पहुंच रहे हैं. इन श्रद्धालुओं को प्रयागराज तक सीधी बस सेवा उपलब्ध कराने के लिए ही महंत कामता दास महाराज ने रोडवेज विभाग से बस संचालित करने का आग्रह किया है.

यह रहेगा शेड्यूल

श्रद्धालुओं व महंत कामता दास महाराज के आग्रह पर पलवल रोडवेज डिपो ने खर्च का पता लगाने के लिए एक सर्वे कराया, जिसके तहत एक निरीक्षक व चालक प्रयागराज महाकुंभ भेजे गए थे. उनकी रिपोर्ट के आधार पर रोडवेज डिपो से 21 जनवरी से पलवल से प्रयागराज तक 54 व 57 सीटर 2 बसें संचालित करने का फैसला लिया है.

पलवल डिपो निरीक्षक मुरारी लाल ने बताया कि दोनों बसें प्रतिदिन पलवल बस स्टैंड से सुबह 8 बजे रवाना होगी. बीच रास्ते 20 जगहों पर ये बसें ठहराव करेगी. उन्होंने बताया कि सीधी बस सेवा के संचालन से प्रयागराज महाकुंभ मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत पहुंचेगी.

उन्होंने बताया कि महाकुंभ के समापन तक पलवल बस अड्डा से यह बस रोजाना सुबह 8 बजे मथुरा, आगरा, इटावा, कानपुर, कौशांबी से होते हुए 645 किलोमीटर का सफर तय करके रात को 8 बजे प्रयागराज पहुंचेगी. इसमें दिव्यांग, सीनियर सिटीजन व छोटे बच्चों के बैठने के लिए सीटों का विशेष प्रबंध किया गया है. पलवल से प्रयागराज तक मात्र 890 रुपये प्रति व्यक्ति के हिसाब से किराया लिया जाएगा. वहीं, प्रयागराज से वापसी में यह बस सुबह 8 बजे पलवल के लिए चलेंगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.