फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में वाहन चालकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां गाजियाबाद और पलवल से वाहन चालकों को सीधे यमुना एक्सप्रेस-वे से आगरा व मथुरा के अलावा नोएडा एयरपोर्ट जाने की सुविधा मिलेगी. इसके लिए यमुना एक्सप्रेस-वे पर इंटरचेंज का निर्माण किया जाएगा.

222 करोड़ रुपए होंगे खर्च
नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के एक अधिकारी ने बताया कि अगस्त महीने से इंटरचेंज का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा और इसपर 222 करोड़ रुपए लागत राशि खर्च होगी. इससे यमुना सिटी के आवासीय और औद्योगिक सेक्टरों तक पहुंच आसान हो जाएगी. उन्होंने बताया कि अगले साल के आखिर तक इसके निर्माण कार्य को पूरा कर लिया जाएगा.
ग्रेटर नोएडा के जीराे प्वाइंट से करीब 10 किमी आगे जगनपुर अफजलपुर गांव के पास इस इंटरचेंज का निर्माण प्रस्तावित है. यहां यमुना प्राधिकरण पहले ही जमीन अधिग्रहण कर चुका है. अधिकारियों का दावा है कि इससे प्रोजेक्ट को तेजी से पूरा करने में मदद मिलेगी. इस इंटरचेंज के बनने से गाजियाबाद और फरीदाबाद से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचना आसान हो जाएगा.
ये रहेगा रूट
ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के जरिये इस इंटरचेंज से होकर यमुना एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक पहुंचेगा. इसके बाद जेवर टोल प्लाजा से पहले ही एयरपोर्ट लिंक रोड का उपयोग कर सीधे एयरपोर्ट पहुंचा जा सकेगा. इसी तरह स्पोर्ट्स सिटी, फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क भी यहां से पहुंचना आसान होगा. केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी इस प्रोजेक्ट की समीक्षा कर चुके हैं और अधिकारियों को शीघ्र कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं.