पलवल | हरियाणा में मेट्रो विस्तार से जुड़ी एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो विस्तार को लेकर डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है. अब जल्द ही एक नया रूट बनकर तैयार हो जाएगा. बताया जा रहा है कि इस रूट पर 11 के आसपास स्टेशन बनेंगे.
KMP और हरियाणा ऑर्बिटल रेल से कनेक्ट
हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (HMRTC) के मैनेजिंग डायरेक्टर चंद्रशेखर खरे ने बताया कि पलवल मेट्रो को कुंडली- मानेसर- पलवल एक्सप्रेसवे (KMP) और हरियाणा ऑर्बिटल रेल से जोड़ने की योजना बनाई गई है. यह संभव होगा या नहीं, इसपर DPR तैयार होने पर ही कुछ कहा जा सकता है.
5 जिलों को फायदा
मिली जानकारी के अनुसार, हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर पलवल रेलवे स्टेशन से लेकर सोनीपत में हरसाना कलां रेलवे स्टेशन तक बनेगा. इस परियोजना से पलवल, गुरूग्राम, नूंह, झज्जर और सोनीपत के लोगों को सीधा फायदा पहुंचेगा. इस प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने के लिए सोनीपत, झज्जर, गुरुग्राम और पलवल जिले में 67 गांवों की करीब 1,665 एकड़ जमीन अधिग्रहित की गई है.
बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो विस्तार को लेकर लोग लंबे समय से मांग उठाते आ रहें हैं. पहले पृथला में आयोजित रैली में तत्कालीन सीएम मनोहर लाल खट्टर और अब इसी साल हुए विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान पलवल में आयोजित चुनावी रैली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसकी घोषणा की थी, जिसके बाद इस प्रोजेक्ट पर धरातल पर तेजी से काम शुरू हो चुका है.
