पलवल | फरीदाबाद लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद एवं केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री रविवार को पलवल दौरे पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने हथीन अनाज मंडी मे आयोजित पद ग्रहण समारोह में मार्केट कमेटी के नवनिुयक्त चेयरमैन हरजीत डागर को पद ग्रहण कराया. इस अवसर पर होडल विधानसभा क्षेत्र से विधायक हरेंद्र सिंह, जिला परिषद फरीदाबाद के वाईस चेयरमैन धर्म चौधरी सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे.
प्रगति पथ पर हरियाणा
केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि पिछले 11 सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है. एनडीए सरकार में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं और निरंतर विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाया जा रहा है. हरियाणा में भी बीजेपी सरकार के शासनकाल में हरियाणा प्रगति के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है. अनेक बड़ी औद्योगिक इकाइयां हरियाणा में स्थापित हो चुकी है, जिससे लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं.
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनने के बाद हथीन विधानसभा क्षेत्र विकास का नया अध्याय लिख रहा है. यहां गांव मानपुर व मिंडकौला में महिला कॉलेज खोले गए हैं. क्षेत्र के विकास को नई पहचान दिलाने के लिए हथीन बाईपास रोड का निर्माण किया गया है. शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली- पानी, सड़क, स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है.
बल्लभगढ़ तक चलेगी मेट्रो
केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने एक बड़ी जानकारी देते हुए कहा कि BJP सरकार के इसी कार्यकाल में बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो का संचालन शुरू किया जाएगा और इसके लिए आवश्यक प्रकिया निरंतर जारी है. बता दें इस प्रोजेक्ट को केंद्र सरकार ने मंजूरी प्रदान कर दी है. यह कॉरिडोर लगभग 24 किलोमीटर लंबा होगा और इसपर 10 से 13 स्टेशन प्रस्तावित है, जिनमें बल्लभगढ़ के नाहर सिंह स्टेडियम से KMP- KGP इंटरचेंज तक कनेक्टिविटी शामिल हैं.
यह नई मेट्रो लाइन दिल्ली, फरीदाबाद और पलवल के बीच सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी को और ज्यादा मजबूत करेगी. इन शहरों के बीच आवागमन करना बेहद आसान हो जाएगा. इस प्रोजेक्ट को 3 साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
