पलवल | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और NCR शहरों में सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में कई प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है. इसी कड़ी में बल्लभगढ़ के नाहर सिंह मेट्रो स्टेशन से पलवल के KMP- KGP एक्सप्रेसवे के इंटरचेंज तक मेट्रो संचालन की योजना बनाई गई है. बल्लभगढ़- पलवल के 30 किलोमीटर लंबे इस मेट्रो रूट पर 13 जगहों पर स्टेशन बनेंगे.
इस प्रोजेक्ट पर 5 हजार करोड़ रूपए से ज्यादा लागत राशि खर्च होने का अनुमान है. इस सुविधा से आवागमन करना आसान होगा और बेहतर क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और ज्यादा आर्थिक संभावनाओं की उम्मीद से भी इसे देखा जा रहा है.
कनेक्टिविटी की योजना तैयार
पलवल के डिप्टी कमिश्नर डॉ. हरीश कुमार वरिष्ठ ने बताया कि जिला प्रशासन सक्रिय तौर पर बेहतर कनेक्टिविटी की योजना तैयार कर चुका है और इस साल डिटेल परियोजना रिपोर्ट (DPR) बनाने का काम शुरू होगा. उन्होंने बताया कि मेट्रो की तकनीकी और लागत का मूल्यांकन पूरा होने वाला है. हरियाणा मास रैपिड ट्रांजिट कॉर्पेरेशन द्वारा डीपीआर तैयार कर टेक्निकल डिटेल, समय और अनुमानित लागत की रूपरेखा भी तैयार की जा रही है.
इन जगहों पर बनेंगे स्टेशन
उपायुक्त ने बताया कि इस रूट पर बल्लभगढ़ का प्रौद्योगिकी क्षेत्र सेक्टर 58- 59 (झारसेंतली) और सीकरी तथा पलवल के सोफ्ता, पृथला, बघौला, आल्हापुर, दिल्ली गेट, बस स्टैंड, आगरा चौक और ओमेक्स सिटी में मेट्रो स्टेशन बनेंगे. हालांकि लोगों की मांग पर एक या दो स्टेशन और बनाए जा सकते हैं. उन्होंने बताया कि मेट्रो आने के बाद पलवल में रियल एस्टेट कारोबार में तेजी दर्ज होगी. दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा जैसे शहरों में नौकरीपेशा लोगों के लिए सस्ते आवासीय स्थान के रूप में पलवल बेहतर विकल्प साबित होगा.
औद्योगिक विकास पकड़ेगा रफ्तार
इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर NCR में पलवल कनेक्टिविटी का मुख्य केंद्र बन जाएगा,जिससे पलवल में औद्योगिक विकास बड़ी तेजी से आगे बढ़ेगा. पलवल तक मेट्रो विस्तार से पृथला इंडस्ट्रियल एरिया में काम करने वाले लोगों को भी बड़ी राहत पहुंचेगी. उन्हें सार्वजनिक परिवहन के रूप में तीव्र गति का एक बेहतर विकल्प मिलेगा.
