पलवल | हरियाणा में बल्लभगढ़ से पलवल के बीच प्रस्तावित 24 किलोमीटर लंबी मेट्रो परियोजना (Metro Project) का धरातल पर उतरने को लेकर हर कोई बेसब्री से इंतजार कर रहा है. लोगों का कहना है कि इस रूट पर मेट्रो संचालन से स्थानीय निवासियों और दैनिक यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी का बेहतर विकल्प मिलेगा.
रोजाना काम पर जाने वाले लोगों को और स्टूडेंट्स को बड़ा फायदा मिलेगा. वर्तमान में धुंध के चलते पैसेंजर ट्रेनों के रद्द होने से पलवल के लोग परेशानी झेल रहे हैं, लेकिन मेट्रो संचालन से इस समस्या का स्थाई समाधान मिल जाएगा.
इन जगहों पर बनेंगे स्टेशन
24 किलोमीटर लंबे इस रूट पर 10 जगहों पर स्टेशन बनाने की योजना है. इस कॉरिडोर पर बल्लभगढ़ के बाद सेक्टर 58 और 59, सीकरी, सोफ्ता, पृथला, भगौला, अल्हापुर और पलवल में स्टेशन बनेंगे. इसके अलावा, लोगों की मांग पर बीच रास्ते में और भी स्टेशन बनाया जा सकता है. यह रूट पूरी तरह से एलिवेटेड होगा, जिससे निर्माण कार्य में कम रूकावटें आएगी.
4320 करोड़ रूपए लागत
इस मेट्रो प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 180 रूपए प्रति किलोमीटर है. जबकि कुल बजट राशि 4,320 करोड़ रूपए निर्धारित की गई है. इस निवेश से न केवल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि स्थानीय औद्योगिक क्षेत्रों को भी फायदा पहुंचेगा.
बल्लभगढ़ से पलवल के बीच कई औद्योगिक इकाइयां स्थित है. विशेष रूप से पृथला इंडस्ट्रियल एरिया. यहां काम करने वाले लोगों को सफर में काफी मुश्किलें झेलनी पड़ती है, लेकिन मेट्रो संचालन से इन मुश्किलों से हमेशा के लिए छुटकारा मिलेगा. लोगों का समय और पैसा दोनों की बचत होगी. वहीं, सफर करना भी काफी आरामदायक हो जाएगा. इस प्रोजेक्ट के धरातल पर अमलीजामा पहनाने से क्षेत्र का आर्थिक और सामाजिक विकास भी रफ्तार पकड़ेगा.
