पलवल| NCR क्षेत्र में शामिल हरियाणा के पलवल जिले से एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां दिल्ली- आगरा नेशनल हाईवे पर स्थित गांव अलाहपुर में दिव्य नगर योजना के तहत बच्चों के लिए पार्क विकसित किया जाएगा. इस प्रोजेक्ट पर साढ़े 8 करोड़ रुपए से ज्यादा की लागत राशि खर्च होगी. इस पार्क के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है.
बच्चों को मिलेगी विशेष सुविधाएं
यह पार्क जिले में कई खूबियों से लैस विशेष तरह का पार्क होगा जिसमें आधुनिक सुविधाएं, सुरक्षित खेल मैदान और बच्चों को बेहतर माहौल का अनुभव मिलेगा. इस पार्क में झूले, वॉकिंग ट्रैक और हरी- भरी हरियाली जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी जो बच्चों और स्थानीय लोगों के लिए स्वस्थ माहौल प्रदान करेगी.
नगर परिषद चेयरमैन डॉ यशपाल ने इस पार्क को पलवल शहर के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि यह पार्क न केवल बच्चों के मनोरंजन का केंद्र होगा बल्कि उनके शारिरिक और मानसिक विकास के लिए एक मजबूत मंच भी प्रदान करेगा. आजकल शहरों के तेजी से हो रहे विस्तार से शहरों में बच्चों के लिए खेलने की जगह खत्म होती जा रही है. ऐसे में इस पार्क के बनने से बच्चों को खेलकूद के लिए सुरक्षित माहौल मिलेगा.
हरियाणा सरकार का जताया आभार
उन्होंने इस पार्क की प्रशासनिक स्वीकृति के लिए हरियाणा सरकार और शहरी स्थानीय निकाय विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह मंजूरी पलवल शहर के सौंदर्यीकरण, बच्चों के लिए सुविधाएं प्रदान करने और सार्वजनिक संपत्तियों के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा.
पलवल जिले के अलाहपुर गांव में दिव्य नगर योजना के अंतर्गत प्रस्तावित बच्चों के पार्क को प्रशासनिक मंजूरी प्रदान कर दी गई है. जिससे क्षेत्र को एक आधुनिक और सुरक्षित मनोरंजन स्थल की सौगात मिलेगी. प्रदेश सरकार का उद्देश्य बच्चों और युवाओं के लिए बेहतर खेल व मनोरंजन सुविधाएं उपलब्ध कराना है ताकि वे स्वस्थ, सक्रिय और सकारात्मक जीवनशैली अपना सकें- गौरव गौतम, खेल मंत्री, हरियाणा सरकार
