पलवल | सूबे की नायब सैनी सरकार (Nayab Saini Govt) प्रदेशभर में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है. इसी कड़ी में पलवल जिले की 3 दर्जन से ज्यादा सड़कों को नए सिरे से तैयार किया जाएगा. इनके निर्माण पर 40 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च होगी. इन सड़कों के निर्माण से 60 से ज्यादा गांवों की आबादी का सफर आसान व सुरक्षित हो सकेगा.
लाखों की आबादी को मिलेगी राहत
हथीन विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से खस्ताहाल स्थिति में पहुंच चुकी इन सड़कों के निर्माण को लेकर लोक निर्माण विभाग को मुख्यालय से स्वीकृति मिल चुकी है. विभाग द्वारा सडकों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू की जा चुकी हैं. स्थानीय लोगों ने बताया कि कई सड़कों की हालत तो इस कदर खराब हो चुकी है कि उनपर पैदल चलना भी सुरक्षित नहीं है. यहां सड़कें कम और गढ्ढे ज्यादा दिखाई दे रहे हैं. ऐसे में अब इन सड़कों के निर्माण से लोगों को राहत पहुंचेगी.
इन सड़कों का होगा निर्माण
- पहाड़पुर- कुकरचटी रोड, रनसीका रोड, दुरेंची, लाडमाकी वाया बाबूपुर सड़क मार्ग के निर्माण पर साढ़े 4 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च होगी.
- नांगल सभा से होते हुए आली ब्राह्मण से लफूरी पुन्हाना रोड, मलाई अलावलपुर से डकलपुर रोड, रूप नगर नाटोली, होडल कोट नूंह रोड से भीमसीका, होडल कोट नूंह से जलालपुर सड़क मार्ग के निर्माण पर 4.62 करोड़ रुपए खर्च होंगे.
- पलवल- हथीन उटावड रोड से जोधपुर और मंगोरका रोड, मलोखरा रोड, नूंह रोड से गेलपुर, गेलपुर से रतीपुर, रायपुर से गेलपुर लिंक रोड निर्माण पर 4.76 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च होगी.
- मोहमदका से अंधरोला, गुराकसर होते हुए गोहपुर से मोहमदका सड़क मार्ग के निर्माण पर 4.86 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च होगी.
- हथीन पलवल रोड से चिल्ली, गांव भूड़पुर- जराली, मानपुर- सेवली, रुपडाका से लखनाका, रुंधी स्टेशन अप्रोच रोड के निर्माण पर करीब 5 करोड़ रुपए खर्च होंगे.
- रनियाला खुर्द से मालुका- उटावड रोड, मालुका से सारोली रोड, कुमरहड़ा से शिकरावा, लखनाका से बाबूपुर सड़क मार्ग को 4.81 करोड़ रुपए से तैयार किया जाएगा.
- मंडकौला से मंडोरी, धतीर से टहरकी,सारोली से किशोरपुर- महेशपुर रोड, घेन्घोला- कलवाका सड़क मार्ग के निर्माण पर 4.84 करोड़ रुपए खर्च होंगे.
- 7.78 करोड़ रुपए की धनराशि से मंडकौला- हथीन सड़क मार्ग का चौड़ीकरण व जीर्णोद्धार किया जाएगा.
