पलवल | हरियाणा के पलवल से UP के नोएडा स्थित जेवर एयरपोर्ट आवाजाही करने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) की ओर से पलवल- अलीगढ़ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है. इस प्रोजेक्ट के तहत, जहां उत्तर प्रदेश की सीमा में सड़क का चौड़ीकरण किया जा रहा है तो वहीं हरियाणा की सीमा में सड़क निर्माण के बीच आ रहे पेड़ों को काटा जा रहा है. सड़क मार्ग के निर्माण के बाद यमुना नदी पर प्रस्तावित नए पुल का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा.
इस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण से पलवल से जेवर एयरपोर्ट और नोएडा एक्सप्रेसवे का सफर मात्र 30 मिनट में पूरा होगा. इससे लाखों लोगों को ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी और उन्हें सुपरफास्ट सफर का अनुभव मिलेगा.
जेवर एयरपोर्ट के लिए बनेगा नया एक्सप्रेसवे
पलवल से अलीगढ़ तक करीब 72 किलोमीटर लंबी यह सड़क पिछले कई सालों से खस्ताहाल स्थिति में बनी हुई है. यहां सड़क कम और गढ्ढे ज्यादा नजर आ रहे हैं. स्ट्रीट लाइटों की सुविधा नहीं होने से रात के अंधेरे में हादसों का अंदेशा बना रहता है. बारिश के मौसम में जलभराव से यहां सफर करना और भी ज्यादा खतरनाक हो जाता है. इसे लेकर स्थानीय लोग कई बार जिला प्रशासन से सुधार की मांग उठाते रहे हैं. लोगों की इस मांग को पूरा करते हुए अब NHAI ने इस फोरलेन सड़क को ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के रूप में विकसित करने की योजना बनाई है.
NHAI के एक अधिकारी ने बताया कि अगले एक साल के भीतर इस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को तैयार कर लिया जाएगा, जिससे लोगों को ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलेगा. इस प्रोजेक्ट पर 1,350 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च होने का अनुमान है.
कई एक्सप्रेसवे से मिलेगी कनेक्टिविटी
इस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य पूरा होने पर अलीगढ़ से पलवल, यमुना एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के बीच कनेक्टिविटी और ज्यादा बेहतर होगी. अलीगढ़, दिल्ली, नोएडा, एनसीआर, गुरुग्राम और हरियाणा के अन्य शहरों तक आवाजाही आसान व सुरक्षित हो जाएगी.
