पलवल | हरियाणा के पलवल के होडल क्षेत्र में लंबे समय से जर्जर सड़कों से परेशान ग्रामीणों को जल्द राहत मिलने वाली है. नगर परिषद और पंचायत विभाग ने विभिन्न गांवों में नई सड़कें बनाने और खराब रास्तों के जीर्णोद्धार के लिए करोड़ों रुपये की परियोजनाओं पर काम शुरू कर दिया है. इन कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य भी शुरू होने की उम्मीद है. नगर परिषद होडल के तहत बेढा पट्टी गांव की फिरनी और गांव के अंदर की सड़कों का निर्माण कराया जाएगा.

इस परियोजना पर करीब 6.30 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. वहीं गढ़ी गांव में 25 गलियों और फिरनी सड़क का निर्माण लगभग 6.88 करोड़ रुपये की लागत से होगा. इस योजना के तहत, स्ट्रीट लाइट भी लगाई जाएंगी जिससे ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी. इस परियोजना पर करीब 49.50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे.
पलवल में बनेंगी नई सड़कें
नगर परिषद के एक्सईएन सतपाल ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा. इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी. साथ ही, आवागमन आसान होगा. पंचायत विभाग भी दीघौट और लोहिना गांव की जर्जर फिरनियों के जीर्णोद्धार का काम करेगा. दीघौट गांव की क्षतिग्रस्त फिरनी की मरम्मत करीब 36 लाख रुपये से की जाएगी जबकि लोहिना गांव में यह कार्य 32 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा.
करोड़ों रुपये होंगे खर्च
ग्रामीणों का कहना है कि इन गांवों के रास्ते लंबे समय से बदहाल स्थिति में हैं. धूल, गड्ढों और टूटी सड़कों के कारण रोजाना लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है. सबसे अधिक दिक्कत बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को होती है. हल्की बारिश होने पर सड़कें कीचड़ से भर जाती हैं और कई जगह आवागमन तक प्रभावित हो जाता है. कई लोग इन रास्तों पर गिरकर घायल भी हो चुके हैं. ग्रामीण लंबे समय से इन सड़कों की मरम्मत की मांग कर रहे थे. जिले के छज्जूनगर गांव में ग्रामीणों के स्वास्थ्य और मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए पार्क- सह- व्यायामशाला का निर्माण भी कराया जाएगा.