पलवल वासियों की हुई बल्ले- बल्ले, 850 करोड़ रुपए की दो बड़ी परियोजनाओं का मिला तोहफा

पलवल | हरियाणा सरकार में खेल मंत्री गौरव गौतम ने अपने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र पलवल पर सौगातों की बारिश की हैं. उन्होंने पलवल शहर को 800 करोड़ रुपए से ज्यादा की दो बड़ी परियोजनाओं का तोहफा दिया है. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सूबे की नायब सैनी सरकार पूरे प्रदेश के एक समान विकास की दिशा में सकारात्मक तरीके से आगे बढ़ रही है.

CM Nayab Singh Saini

विकास का लिखेगी नया अध्याय

खेल मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि अमृत 2.0 योजना के तहत लगभग 332 करोड़ रुपए की लागत से पूरे शहर में सीवरेज और रैनीवेल परियोजना के तहत लगभग 522 करोड़ रुपए की लागत से जलापूर्ति नेटवर्क को मजबूत किया जाएगा. उन्होंने अपनी बात पर जोर देते हुए कहा कि पलवल में पहली बार इतने बड़े स्तर पर सीवरेज सिस्टम दुरस्त करने का काम शुरू किया जाएगा. यह परियोजनाएं पलवल में विकास का नया अध्याय लिखेगी जिससे सालों पुरानी जल निकासी और पेयजलापूर्ति समस्या का स्थाई समाधान होगा. उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत लाइन पार के इलाकों में जल निकासी और मीठे पानी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी.

कैबिनेट मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि पलवल में खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए लगभग 20 करोड़ रुपए की लागत से नेताजी सुभाष चन्द्र बोस खेल स्टेडियम में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी.

इसमें आधुनिक लाइटिंग, हॉल व सिंथेटिक ट्रैक जैसी सुविधाएं शामिल हैं जहां से अभ्यास कर खिलाड़ी अपने कौशल में निखार ला सकेंगे. इसके अलावा आगरा चौक से न्यू कॉलोनी तक सड़क मार्ग को मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जा रहा है. इससे शहर की खूबसूरती में चार- चांद लगेंगे और ट्रैफिक व्यवस्था सुगम बनेगी.

जलभराव की समस्या होगी कम

उन्होंने बताया कि शहर में एक दर्जन से ज्यादा जगहों पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाएं जाएंगे जिससे जलभराव की समस्या से निपटने में मदद मिलेगी. इन सभी प्रोजेक्ट्स के पूरा होने पर लोगों को लंबे समय तक मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिलेगा. यह परियोजनाएं भविष्य में शहरवासियों का बेहतर जीवन स्तर सुनिश्चित करेगी.

शहर में बिछेगी वाटर व सीवरेज लाइन

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता अजय तनेजा ने बताया कि इस परियोजना के तहत शहर में जलापूर्ति लाइन और सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी. परियोजना में उच्च गुणवत्ता की डीआई पाइपलाइन का उपयोग किया जाएगा, जिसकी खरीद उच्च स्तरीय समिति द्वारा की गई है. पुराने जल कनेक्शनों को नि:शुल्क पुनस्र्थापित किया जाएगा जबकि नए कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करना होगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.