पलवल | हरियाणा की नायब सैनी सरकार ने पलवल जिले की जनता को बड़ी सौगात दी है. प्रदेश सरकार ने इस जिले में सड़कों का कायाकल्प करने की दिशा में आगे बढ़ते हुए हथीन और पृथला विधानसभा क्षेत्र की 106 किलोमीटर लंबी 42 सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया है. इन सड़कों के निर्माण पर 80 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च होगी.

विपक्षी विधायकों वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता
इस योजना के तहत हथीन विधानसभा क्षेत्र में 35 और पृथला विधानसभा क्षेत्र की 7 सड़कों का निर्माण किया जाएगा. सीएम नायब सैनी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि प्रदेश की बदहाल स्थिति में पहुंच चुकी सड़कों को तुरंत प्रभाव से दुरस्त किया जाए और आगामी मानसून सीजन से पहले इस काम को पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं. प्रदेश की बीजेपी सरकार ने पहले विपक्षी विधायकों वाले क्षेत्रों की सड़कों के निर्माण को प्राथमिकता दी है. दोनों विधानसभा क्षेत्र से वर्तमान में कांग्रेस पार्टी के विधायक हैं.
लंबा संघर्ष लाया रंग
स्थानीय लोगों ने कहा कि क्षेत्र की इन सड़कों के निर्माण को लेकर लंबे समय से आवाज उठाई जा रही थी. इन सड़कों के निर्माण को लेकर लंबा संघर्ष किया है. वर्तमान में ये सड़कें बदहाल स्थिति से जूझ रही है जिसके चलते लोगों को सफर करने में खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है. हर समय दुर्घटना होने का अंदेशा बना रहता है. सरकार ने दोनों विधानसभा क्षेत्र की 42 सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया है. सरकार की इस पहल से लोगों का सफर आसान और सुरक्षित हो सकेगा.
मंजूरी मिलते ही शुरू होगा काम
लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अधिकारी रितेश यादव ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार पूरे जिले में जर्जर हो चुकी सड़कों के निर्माण के आदेश मिले हैं. सबसे पहले पृथला व हथीन विधानसभा क्षेत्र की ऐसी 42 सड़कों को चकाचक किया जाएगा. विभाग द्वारा एस्टीमेट बनाकर चंडीगढ़ मुख्यालय भेजा गया हैं, जल्द ही मंजूरी मिलने की उम्मीद है. इसके बाद टेंडर प्रक्रिया जारी कर सड़कों का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर किया जाएगा. दोनों हलकों के लोगों को जल्द ही चकाचक सड़कों की सौगात मिलेगी.