पलवल | हरियाणा सरकार राज्य में सीवरेज और पानी की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है. इसी कड़ी में सरकार द्वारा पलवल शहर में करीब 26 करोड़ रूपए की लागत से पेयजल व्यवस्था को दुरस्त करने और नई सीवरेज लाइन बिछाने की योजना तैयार की गई है. इस योजना के तहत, शहर की सीवरेज प्रणाली को मजबूत किया जाएगा और जल की आपूर्ति व्यवस्था में सुधार किया जाएगा.
दूषित पेयजल से मिलेगा छुटकारा
इस परियोजना के तहत, 1.00 MLD क्षमता का एक न्या सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) और बूस्टिंग स्टेशन को अपग्रेड किया जाएगा ताकि शहर से निकलने वाले गंदे पानी का बेहतर तरीके से शोधन हो सके और पेयजल आपूर्ति अच्छे तरीके से हो सके. इससे शहर में सीवरेज ओवरफ्लो और जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी.
परियोजना के तहत, विभिन्न प्रकार के नए ब्रिक मेसनरी मेनहोल का निर्माण किया जाएगा. इससे सीवरेज लाइन की मजबूती बढ़ेगी और भविष्य में मरम्मत व रखरखाव का काम भी आसान होगा.
10 नए ट्यूबवेल चैंबरों का निर्माण
आगरा नहर के पास स्थित मुख्य बूस्टिंग स्टेशन को अपग्रेड किया जाएगा. दो भूमिगत साफ पानी के टैंक बनाए जाएंगे. नई पंपिंग मशीनरी, 250 KVA का डीजी सेट और एक आधुनिक कंट्रोल पैनल भी स्थापित किया जाएगा. योजना के तहत, 10 नए ट्यूबवेल चैंबर, बोरिंग और सबमर्सिबल पंप लगाने का काम भी किया जाएगा. आंतरिक जल वितरण प्रणाली के लिए डक्टाइल आयरन (DI) पाइप लाइनें डाली जाएगी.
इस नई परियोजना से लंबे समय से सीवरेज ओवरफ्लो और दूषित पेयजल की समस्या से जूझ रहे लोगों को राहत मिलेगी. अब स्थानीय लोगों को प्रतीक्षा है कि कब यह परियोजना पूरी होगी और कब पलवल के होडल शहर में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति होगी.
