पलवल | हरियाणा में जन्म से ही बच्चे में दिल की बीमारी को लेकर परेशानी झेलने वाले परिजनों के लिए एक अच्छी खबर है. आर्थिक तंगी के चलते इस बीमारी का इलाज कराने में असमर्थ परिजनों के लिए हरियाणा का एक अस्पताल वरदान साबित हो रहा है. इस अस्पताल में दिल की बीमारी से पीड़ित बच्चों की दवा, इलाज, जांच सहित सर्जरी का बिल्कुल मुफ्त में लाभ मिलता है.
फ्री में होता है इलाज
हम यहां जिक्र कर रहे हैं, पलवल स्थित बघोला में बने श्री सत्य साई संजीवनी अस्पताल की. बघोला में बने श्री सत्य सांई संजीवनी इंटरनेशनल सेंटर फॉर चाइल्ड हार्ट केयर सेंटर गरीबों का फ्री इलाज कर रहा है. अस्पताल के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. सी श्रीनिवास ने बताया कि देश में इस तरह के दो और अस्पताल है, जो जन्मजात ह्रदय रोगों से पीड़ित बच्चों के लिए काम कर रहे हैं. इनमें से एक रायपुर और दूसरा महाराष्ट्र के नवी मुंबई में है.
संजीवनी अस्पताल के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. सी श्रीनिवास ने बताया कि श्री सत्य साई संजीवनी अस्पताल, पलवल में दिल के रोगों से संबंधित सभी आधुनिक और बेहतरीन किस्म की मशीन और उपकरण मौजूद हैं. जो सुविधाएं इस अस्पताल में हैं, ऐसी कई सुविधाएं मल्टी सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों में भी नहीं मिलेगी. यहां देश के किसी भी हिस्से से पहुंचे मरीज का इलाज किया जाता है. यहां इनवेसिव और नॉन इनवेसिव दोनों ही प्रकार की सर्जरी की जाती हैं. संस्था द्वारा अब तक 10 हजार से ज्यादा बच्चों के हार्ट की सर्जरी की गई है. यहां महिलाओं के लिए फ्री डिलीवरी की सुविधा भी उपलब्ध है.
हर चीज नि:शुल्क
इलाज के दौरान बच्चे के साथ ही उसके माता- पिता के ठहरने का भी इंतजाम किया जाता है. इस अस्पताल में हर चीज नि:शुल्क है. यहां किसी भी चीज के लिए पैसे नहीं देने पड़ते हैं. बता दें कि भारत में प्रत्येक वर्ष 2 लाख से ज्यादा बच्चे हार्ट संबंधित बीमारियों के साथ पैदा होते हैं. चूंकि, बच्चों के छोटे होने के चलते इस बीमारी की जानकारी देरी से मिलती है और तब तक रोग गंभीर रूप धारण कर लेता है. लिहाजा, अधिकतर मामलों में विशेषज्ञ डाक्टरों द्वारा इलाज और सर्जरी की जरूरत पड़ती है.
ग्रामीण इलाकों में जागरूकता की कमी, आर्थिक तंगी और डाक्टरों तक पहुंच कम होने के कारण ज्यादातर बच्चों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता है. निजी अस्पतालों में दिल की बीमारियों के इलाज का खर्च भी आर्थिक रूप से कमजोर लोगों द्वारा वहन करना एक बड़ी चुनौती होता है. ऐसे में ये अस्पताल गरीब परिवारों के लिए बड़ी राहत पहुंचाने वाला है.
