पलवल | Ncr में हरियाणा के पलवल शहर से एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां नगर परिषद द्वारा शहर की हर गली, मोहल्ला और कॉलोनियों को दूधिया रोशनी से जगमग किया जाएगा जिसके लिए 32 हजार स्ट्रीट लाइटें और 30 हाई मास्क लाइटें लगाई जाएगी. इस प्रोजेक्ट पर करीब 6 करोड़ रुपए की लागत आएगी जिसके बाद शहर नए स्वरूप में दिखाई देगा.
आपराधिक घटनाओं पर लगेगी रोक
लंबे समय से शहर के ज्यादातर इलाकों की गलियों और सड़कों से रात के अंधेरे से होने वाली परेशानी की खबर सामने आ रही है. लोगों का कहना था कि रात के अंधेरे में सड़कों पर सफर करना खतरे से खाली नहीं है. अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी, छेड़छाड़, लूट-खसोट जैसी घटनाओं में भी निरंतर बढ़ोतरी हो रही हैं. लेकिन अब इस योजना के धरातल पर उतरने के बाद पूरा शहर दूधिया रोशनी से जगमगा उठेगा और लोगों को राहत पहुंचेगी.
नगर परिषद के एक अधिकारी ने बताया कि अगले महीने के आखिर तक लगभग पूरे शहर में स्ट्रीट लाइटें लगाने के काम को पूरा कर लिया जाएगा. इस प्रोजेक्ट पर खर्च होने वाले 6 करोड़ रुपए में से 1 करोड़ रुपए नगर परिषद की ओर से वहन किए जाएंगे जबकि 5 करोड़ रुपए CSR फंड से खर्च किए जाएंगे. उन्होंने बताया हाई मास्क लाइटें शहर के मुख्य चौक-चौराहों, बस स्टैंड, बाजारों और भीड़- भाड़ वाली जगहों पर लगाया जाएगा.
बेहतर होगी सुरक्षा व्यवस्था
नई स्ट्रीट लाइटें लगने से कई अनगिनत फायदे मिलेंगे. सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि रात के अंधेरे में सड़कों पर सफर करना सुरक्षित हो जाएगा. अंधेरे की वजह से होने वाली सड़क दुघर्टनाओं पर अंकुश लगेगा. देर रात तक स्कूल- कॉलेज, ऑफिस और बाजार से आने वाले लोगों को चोरी, लूटपाट और छेड़छाड़ जैसी आपराधिक घटनाओं से बचाने में मदद मिलेगी. सबसे पहले मुख्य सड़क मार्गों और घणी आबादी वाले इलाकों में स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएगी.
