पलवल | दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. पलवल पुलिस ने पलवल-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्य को देखते हुए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. यह निर्माण कार्य 5 सितंबर से शुरू होगा, जिसके चलते किठवाड़ी चौक, NH- 19 से लेकर पेलक इंटरचेंज तक ट्रैफिक संचालन प्रभावित रहेगा. वाहन चालकों को असुविधा से बचाने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा एडवाइजरी जारी कर वैकल्पिक रूट्स सुझाएं गए हैं.
रूट्स डायवर्ट से पहुंचे अपने गंतव्य तक
पलवल ट्रैफिक थाना प्रभारी जगबीर सिंह ने बताया कि आमजन की सुविधा और ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन की व्यवस्था की गई है. अलीगढ़ की तरफ से आने वाले हल्के वाहन रसूलपुर या अलावलपुर चौक से अपने गंतव्य स्थान तक पहुंच सकेंगे.
उन्होंने बताया कि ट्रक तथा अन्य भारी वाहनों को कुंडली- मानेसर- पलवल एक्सप्रेसवे (KMP) या कुंडली- गाजियाबाद-पलवल एक्सप्रेसवे (KGP) का उपयोग करने की सलाह दी गई है. ट्रैफिक थाना प्रभारी ने सभी वाहन चालकों से सुरक्षित वाहन चलाने और ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी की गई एडवाइजरी का पालन करने का आग्रह किया है.
सबका सहयोग जरूरी
जगबीर सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करने में सबका सहयोग बहुत बड़ी भूमिका अदा करेगा. सभी को ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करना होगा और ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने में अपना योगदान देना होगा. यातायात पुलिस द्वारा सुझाए गए वैकल्पिक रूट्स का इस्तेमाल कर वाहन चालक अपनी यात्रा को आसान बनाते हुए अपने गंतव्य स्थान तक पहुंच सकते हैं.
