पंचकूला में खेली गई खून की होली, बीच सड़क युवक को गंडासी और तलवारों से काटा

पंचकूला । प्रदेश की राजधानी के साथ लगते हरियाणा के पंचकूला में बीती रात सड़क पर खून की होली खेली गई. यहां एक युवक पर कुछ अज्ञात हमलावरों ने गंडासी और तलवारों से हमला करते हुए उसकी बेरहमी से हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि हमलावरों ने युवक पर इतनी बेरहमी से हमला किया कि वहां मौजूद देखने वाले लोगों की रुह कांप उठी. मृतक युवक रिंकू मूल रूप से पंजाब के रोपड़ का रहने वाला था और फिलहाल चंडीगढ़ के मनीमाजरा में रह रहा था. बताया जा रहा है कि देर रात जब वह गाड़ी से पंचकूला के माजरी चौक के नजदीक पहुंचा तो गाड़ियों व मोटर साइकिलों पर सवार होकर आए अज्ञात हमलावरों ने उस पर हमला बोल दिया. हमलावरों के हाथों में गंडासी, तलवार, हॉकी व डंडे थे और उन्होंने रिंकू पर एक के बाद एक तेजधार हथियारों से कई वार किए.

Police Photo
धारदार हथियारों के करीब 20-22 वार करने के बाद भी जब हमलावरों का मन नहीं भरा तो उन्होंने रिंकू की नाक काट दीं. उसके मुंह पर तलवार से कई वार किए. हमलावरों ने रिंकू की गाड़ी को भी तहस-नहस कर दिया. हमलें के बाद रिंकू को सेक्टर-6 के सिविल अस्पताल लें जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

वहीं वारदात की सूचना मिलते ही पंचकूला पुलिस कमिश्नर सौरभ सिंह, डीसीपी मोहित हांडा,एसीपी सतीश कुमार, क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 इंचार्ज कर्मवीर , सेक्टर-7 थाना प्रभारी महावीर सिंह समेत कई आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का मुआयना किया. पुलिस कमिश्नर सौरभ सिंह ने बताया कि बहुत जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी. मिली जानकारी अनुसार मृतक युवक रिंकू अनबन के चलते अपनी पत्नी से अलग मनीमाजरा में रह रहा था और एक निजी कंपनी में नौकरी करता था.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.