मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने की रेल मंत्री से मुलाकात, अब हरियाणा में भी दौड़ेंगी सुपर फास्ट ट्रेन

पंचकूला । हरियाणा की रेल योजनाओं को लेकर सोमवार को हरियाणा भवन में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की. इस मुलाकात के दौरान अश्विनी वैष्णव ने राज्य की सभी परियोजनाओं एवं विकास की नई संभावनाओं को जोड़ते हुए बताया कि सभी योजनाओं को तय समय में पूरा किया जाएगा. रेल मंत्रालय का दिल्ली और हिसार के बीच सुपर फास्ट रेलगाड़ियां चलाने का उद्देश्य हिसार में बन रहे महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट का फीडर एयरपोर्ट बनाना है.

haryana cm

आपको बता दे कि फिलहाल दिल्ली से हिसार के बीच180 किलोमीटर की दूरी तय करने में 4 घंटे का समय लगता है. वही, एलीवेडिट रेल लाइन से यह दूरी केवल पौने दो घंटो नें पूरी की जा सकती है. इसका फायदा यह होगा कि अगर दिल्ली इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर ज्यादा ट्रैफिक रहा तो कुछ एयर ट्रैफिक हिसार एयरपोर्ट पर डायवर्ट किए जा सकते है.

रेल मंत्री के साथ बैठक के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बताया कि राज्य से निकलने वाले ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कोरिडोर एवं वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कोरिडोर पर 10 रेलवे स्टेशन बनवाए जाएंगे.

इन परियोजनाओं को मिलेगी गति

रोहतक रेलवे लाइन के नीचे रेलवे की खाली जगह पर एक नई सड़क बनाने के कार्य पर सहमति दी गई है साथ ही कुरुक्षेत्र की तरह कैथल में एलीवेटिड रेलवे लाइन भी बनाई जाएगी. पलवल एवं पृथला में वेस्टर्न रेल फ्रेट कारिडोर के लिए जमीन अधिग्रहण का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा ताकि ईस्टर्न रेल फ्रेट कारिडोर पृथला और फरीदाबाद इंडस्ट्रियल हब के लिए उपयोगी हो सके. केएमपी के साथ रेल आर्बिटल कारिडोर के निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण का कार्य भी पूरा हो चुका है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से इसके शिलान्यास के लिए समय मांगा गया है.

रेल मंत्री ने दिया डबल इंजन पर जोर

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का कहना है कि केंद्र और राज्य में समान विचारधारा की सरकार बनाने से राज्य की जनता को विकास परियोजनाओं में सीधा लाभ मिलता है. हरियाणा भवन में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ राज्य में लंबित और नई रेल परियोजनाओं को लेकर हुई लंबी बैठक के बाद रेल मंत्री ने कहा कि हरियाणा की सभी रेल परियोजनाओं को उन्होंने समयबद्ध पूरा करवाने के लिए तारीखों सहित लक्ष्य तय कर दिए हैं. इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद राज्य की रेल कनेक्टिविटी दिल्ली सहित एनसीआर में सबसे बेहतर होगी. उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता को डबल इंजन सरकार बनाने का फायदा तो मिलता ही रहेगा.

मुख्यमंत्री ने जताया आभार

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी रेल मंत्री का आभार जताते हुए बताया कि रेल मंत्रालय दिल्ली-हिसार रूट पर नई रेल लाइन एलीवेटिड बनाना चाहता है. इसके पीछे यह उद्देश्य है कि दिल्ली से हिसार रूट पर सुपर फास्ट रेलगाड़ियां चलें, जो कम समय में दोनों शहरों की दूरी तय करें. इससे हिसार में बन रहे महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के फीडर एयरपोर्ट के रूप में इस्तेमाल किया जा सके. इससे हरियाणा की अर्थव्यवस्था में भी सुधार आएगा.

पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव का बिगुल बजने के साथ ही रेल मंत्री के इस बयान को काफी अहम माना जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित भाजपा के स्टार प्रचारक इन राज्यों में स्थानीय मुद्दों के अलावा जनता के समक्ष डबल इंजन की सरकार बनाने पर जोर दे रहे हैं.

हरियाणा की रेल परियोजनाओं को लेकर पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल का रेल मंत्री से रेल मंत्रालय में मिलने का कार्यक्रम था, मगर बैठक से दो घंटे पहले इसमें बदलाव कर दिया गया. बताया जा रहा है कि रेल मंत्री ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को सूचित किया कि वे हरियाणा को रेल परियोजनाओं की सौगात हरियाणा भवन में ही आकर देना चाहते हैं, ताकि राज्य की जनता में डबल इंजन की सरकार बनाने के फायदे का सीधा संदेश पहुंचे. मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी रेल मंत्री की इस सादगी भरे अंदाज की प्रशंसा करते हुए बैठक की व्यवस्था हरियाणा भवन में कराने के आदेश दिए. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव अपने मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक के निश्चित समय दोपहर 12.30 बजे से दस मिनट पहले ही हरियाणा भवन पहुंच गए.

Avatar of Ruchi Jha
Ruchi Jha
View all posts

Haryana E Khabar में पिछले 1 साल से कार्यरत हूँ. यहाँ पर मैं एंटरटेनमेंट, पॉलिटिक्स, फाइनेंस और हेल्थ से जुड़े आर्टिकल्स को कवर करती हूँ. इससे पहले मैं इंडिया न्यूज में असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत थी.