हरियाणा CM ने लगाई सौगातों की झड़ी, विवेकानंद जयंती पर युवाओं के लिए हुई बड़ी घोषणाएं

पंचकूला | हरियाणा में रविवार को मुख्यमंत्री नायब सैनी पंचकूला दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रीय युवा दिवस और स्वामी विवेकानंद जयंती पर आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में युवाओं को संबोधित किया. उन्होंने अपने भाषण में स्वामी विवेकानंद को नमन करते हुए युवाओं को प्रदेश से नशे की सामाजिक बुराई को समाप्त करने का आह्वान किया. इस दौरान उन्होंने NSS के अवार्डी युवाओं और वालंटियर्स को भी सम्मानित किया.

Nayab Singh Saini

सीएम ने लगाई सौगातों की झड़ी

स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सौगात की झड़ी लगा दी. उन्होंने ग्रामीण युवाओं के लिए 250 इनडोर जिम का उद्घाटन करने के बाद 8 अधिसूचित खेलों के लिए मुफ्त खेल उपकरण तथा राज्य के वार्षिक खेल कैलेंडर में अंतर युवा क्लब खेलों को शामिल करने की घोषणा भी की. सीएम ने घोषणा की कि प्रदेश के हर ब्लॉक में एक आईटीआई खोली जाएगी.

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि आठ अधिसूचित खेलों के लिए मुफ्त उपकरण दिए जाएंगे. इन खेलों में वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, हैंडबॉल, मुक्केबाजी, जूडो, कुश्ती और क्रिकेट शामिल हैं. हर साल खेल विभाग युवा क्लबों के लिए दो साहसिक खेल शिविरों का आयोजन करेगा.

हर ब्लॉक में खुलेगी ITI

सीएम नायब सैनी ने घोषणा करते हुए कहा कि हरियाणा के हर ब्लॉक में कम से कम एक आईटीआई खोली जाएगी. राज्य के 142 ब्लॉक में से 26 ब्लॉक ऐसे हैं, जहां आईटीआई नहीं है. इन ब्लॉक में भी जल्द से जल्द आईटीआई खोली जाएगी, जिसपर 400 करोड़ रूपए खर्च होंगे.

मुख्यमंत्री ने विभिन्न देशों की भाषाओं में युवाओं को दक्ष करने के लिए नीति बनाने और उसे संबंधित एजेंसी से प्रमाणित करवाने का खर्च सरकार द्वारा वहन करने की भी घोषणा की. आज से हॉरटोन एडवांस्ड स्किल सेंटर परियोजना शुरू कर रहे हैं. ये सेंटर मान्यता प्राप्त सर्टिफिकेट प्रदान करेंगे. ये सेंटर अभी तक जिला स्तर पर ही खुले हुए थे लेकिन अब उपमंडल और ग्रामीण विकास खंडों पर भी खोले जाएंगे. इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साईबर सुरक्षा जैसी उभरती हुई तकनीकों में उन्नत प्रशिक्षण दिया जाएगा. इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.

ग्लोबल हरियाणवी पोर्टल

उन्होंने बताया कि जो हरियाणवी दूसरे देशों में बसे हुए हैं और उनके परिवार यहीं पर हैं. ऐसे हरियाणा वासियों के लिए हमने ग्लोबल हरियाणवी केंद्र नामक पोर्टल शुरू किया है. इसपर वे अपनी समस्याओं को डालकर मदद हासिल कर सकते हैं. चाहें वह जमीन- जायदाद से जुड़ी समस्या है या फिर कोई पारिवारिक झगडे की बात है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.