पंचकूला | होली पर्व के शुभ अवसर पर सूबे की नायब सैनी सरकार ने प्रदेश के पुलिसकर्मियों को बड़ी सौगात दी है. हरियाणा सरकार के निर्देश पर पुलिस विभाग ने 1 अप्रैल 2026 से अपने पुलिसकर्मियों की बेटी की शादी पर 2.50 लाख रुपए की शगुन राशि देने का ऐतिहासिक फैसला लिया है. यह योजना IPS ऑफिसर्स से लेकर कॉस्टेबल रैंक के जवानों तक सभी के लिए लागू होगी.

हरियाणा के DGP की बड़ी घोषणा
हरियाणा के DGP अजय सिंघल की अध्यक्षता में ईआरएसएस ऑडिटोरियम पंचकूला में हुई बी-लेवल कल्याण गोष्ठी में यह घोषणा की गई है. DGP की इस पहल को सीएम नायब सैनी ने मंजूरी प्रदान कर दी है. अच्छी बात यह है कि DGP ने शगुन राशि भविष्य में बढ़ाकर 5 लाख रुपये करने की भी घोषणा की है. उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में DGP से लेकर कांस्टेबल रैंक तक करीब 70 हजार कर्मचारी कार्यरत हैं जो इस योजना के लाभार्थी होंगे और हरियाणा पुलिस कल्याण कोष से यह राशि लाभार्थियों को प्रदान की जाएगी. इस गोष्ठी में पुलिसकर्मियों के कल्याण के लिए योजनाओं को बेहतर बनाने पर अधिकारियों ने सुझाव भी दिए.
सुरक्षा को मिलेगी मजबूती
साल 2025 में हरियाणा पुलिस के 17 हजार 985 कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच की गई है. साथ ही, पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मनोरोग विशेषज्ञों के साथ भी बैठक की गई. HDFC बैंक के साथ अनुबंध के माध्यम से हादसे में मृत्यु बीमा कवर को बढ़ाकर 1 करोड़ और प्राकृतिक मृत्यु की स्थिति में भी सहायता राशि को बढ़ाकर 10 लाख रुपये किया गया है. एक्स ग्रेशिया में 381 आश्रितों को नौकरी दी गई और शहीदों के परिवार को मिलने वाली राशि को तीन गुना बढ़ाया गया है.