पंचकूला | सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने ठोस कदम उठाए है. इसी कड़ी में प्रशासन द्वारा दिए गए आदेश पर पंचकूला में कमांड अस्पताल के सामने वाली सड़क से अवैध रेहड़ी- फड़ी वालों को हटाया जाएगा और नियम तोड़ने वाले ई- रिक्शा चालकों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस संबंध में जिला उपायुक्त सतपाल शर्मा ने जिम्मेदार अधिकारियों को कठोर निर्देश दिए है.
ई – रिक्शा संचालन होगा नियमबद्ध
उपायुक्त लघु सचिवालय सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे. उन्होंने बताया है कि कुछ स्थानों पर कम उम्र के बच्चे ई- रिक्शा चलाते पाए गए है, जिससे दुर्घटना का खतरा ज्यादा है. उन्होंने पुलिस एवं परिवहन विभाग को संयुक्त अभियान चलाकर ई- रिक्शा संचालन को नियमबद्ध करने के आदेश दिए है. साथ ही, दुर्घटना संभावित जगहों पर आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराने को कहा है.
सीसीटीवी कैमरे हो पूरी तरह सक्रिय
जिला अधिकारी सतपाल शर्मा ने सड़क सुरक्षा के साथ- साथ सीसीटीवी कैमरों के पूरी तरह सक्रिय होने के लिए नगर निगम को आदेश दिए है. वर्तमान में 473 कैमरे लगाए गए है. खराब कैमरों की मरम्मत के लिए टेंडर जारी कर दिए गए है. इसी माह से सभी कैमरे ठीक कर दिए जाएंगे. नगर निगम द्वारा बनाए गए फुटपाथों की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिए हैं कि सभी फुटपाथों पर स्वच्छता को सुनिश्चित किया जाए, ताकि पैदल चलने वाले लोगों को असुविधा न हो.
उन्होंने आने वाले दिनों में धुंध की संभावना को देखते हुए पीएमडीएम, शहरी स्थानीय निकाय, एचएसआईआईडीसी, कृषि विपणन बोर्ड, एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी और एचएसवीपी सहित सभी एजेंसियों को सड़क निर्माण व मरम्मत के दौरान सुरक्षा मानकों की अनिवार्य अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए.
