पंचकूला | करोड़पति बनने के लिए कब किस्मत काम कर जाए कोई नहीं जानता. कहते हैं कि ऊपर वाला देता है जब छप्पर फाड़कर देता है और एक ही पल में इंसान की किस्मत बदल जाती है. ऐसा ही एक वाक्या हरियाणा के पंचकूला जिले से सामने आया है जहां रायपुररानी के गांव मौली निवासी कपिल ने मात्र 200 की मंथली पंजाब स्टेट डियर लॉटरी टिकट खरीदा था.
किस्मत ने दिखाई मेहरबानी
सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करने वाले कपिल पर किस्मत ऐसी मेहरबान हुई कि उसने 1.50 करोड़ रुपए का पहला इनाम जीत लिया. उनकी इस जीत पर घर और गांव में खुशी का माहौल बना हुआ है. हर कोई मिठाई खाते हुए इस खुशी को सेलिब्रेट कर रहा है.
कपिल ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति ज्यादा बेहतर नहीं है इसलिए प्राइवेट नौकरी करते हैं. उन्होंने मोहाली के जीरकपुर स्थित लोकेश लॉटरी एजेंसी से यह लॉटरी टिकट खरीदी थी. उन्हें जैसे ही पता चला कि डेढ़ करोड़ रुपए का पहला इनाम उनका निकला हैं, वो खुशी से झूम उठे. जैसे ही घरवालों और ग्रामीणों को इसका पता चला तो उनकी भी खुशियों का ठिकाना नहीं रहा.
बच्चों को दिलाएंगे अच्छी शिक्षा
लॉटरी के पैसे के इस्तेमाल पर कपिल ने बताया कि वो अपने बच्चों को उच्च और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए उनका एडमिशन किसी अच्छे स्कूल में कराएंगे. इसके अलावा उन्होंने एक अच्छा सा घर बनाने की भी इच्छा जताई. जीरकपुर की लोकेश लॉटरी एजेंसी के संचालक लोकेश कुमार उर्फ लकी ने बताया कि उनकी एजेंसी से लॉटरी टिकट खरीदकर करोड़पति बनने वाले कपिल तीसवें व्यक्ति बन गए हैं.
