पानीपत, Navratri 2025 | नवरात्रि पर्व पर महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. उत्तर रेलवे ने महिलाओं को बेहतर सुविधा और सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लेडीज स्पेशल ट्रेन के डिब्बों में बड़ा बदलाव किया है. इसके तहत, नई दिल्ली से पानीपत के बीच आवागमन करने वाली ट्रेन नंबर 64469/ 70, लेडीज स्पेशल ट्रेन में महिलाओं के लिए आरक्षित 3 डिब्बे एक साथ जोड़े गए हैं.
पहले अलग- अलग थे डिब्बे
पानीपत से नई दिल्ली के बीच चलने वाली लेडीज स्पेशल ट्रेन में 12 डिब्बे हैं. पहले यह ट्रेन पूरी तरह से महिलाओं के लिए आरक्षित थी. शाम के समय नई दिल्ली से सोनीपत तक महिलाओं की अच्छी- खासी भीड़ रहती थी, लेकिन सोनीपत से पानीपत के बीच महिलाओं की संख्या घटकर नाममात्र रह जाती थी.
रेलवे ने पुरूष यात्रियों की मांग पर इस ट्रेन में उन्हें भी सफर करने की अनुमति प्रदान की थी और महिलाओं के लिए डिब्बा नंबर 2, 9 और 11 आरक्षित कर दिए थे, जबकि बाकी में पुरूष सफर कर सकते थे.
एक साथ लगाए गए 3 डिब्बे
फिर महिलाओं ने तीनों डिब्बों को एक साथ लगाने की मांग उठाई थी. महिला यात्रियों ने बताया कि उन्हें अलग- अलग जगहों पर खड़े होकर ट्रेन का इंतजार करना पड़ता है. डिब्बा कहां आएगा, इसकी कोई जानकारी नहीं होती, ऐसे में उन्हें निर्धारित डिब्बे में चढ़ने के लिए दौड़ना पड़ता है.
महिला यात्रियों ने कहा कि इन डिब्बों को एक साथ लगाया जाना चाहिए. उत्तर रेलवे ने महिलाओं की इस मांग को पूरा करते हुए डिब्बा नंबर 5, 6 और 7 महिलाओं के लिए आरक्षित कर दिया है और इन डिब्बों पर लाल रंग से मोटे अक्षरों में ‘महिला’ लिख दिया है, ताकि महिलाओं को पहचान करना आसान हो जाए तथा अन्य लोगों को भी इस बदलाव की जानकारी मिल सके.
