पानीपत | हरियाणा के पानीपत (Panipat) जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां जिले के गांव नौल्था में लंबे समय से परेशानी से जूझ रहे किसानों को आखिरकार राहत मिलने जा रही है. यूं कहें कि इस गांव के लोगों की 50 साल पुरानी मांग पूरी हो रही है, जिससे ग्रामीणों में अलग ही खुशी नजर आ रही है.
रेलवे लाइन पर बनेगा अंडरपास
नौल्था गांव के किसानों को रेलवे लाइन होने के चलते अपने खेतों तक पहुंचने के लिए लगभग 5 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे किसानों का समय ज्यादा लगता था और साथ ही रोज की परेशानी भी झेलनी पड़ती थी. ग्रामीणों की 50 साल पुरानी इस मांग को पूरा करते हुए पूर्व की BJP- JJP गठबंधन सरकार में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने रेलवे विभाग को अंडरपास बनाने के लिए 6 करोड़ रूपए की धनराशि स्वीकृत की थी.
बीजेपी ने सिरे चढ़ाई योजना
किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए सूबे की नायब सैनी सरकार ने इस प्रोजेक्ट को धरातल पर अमलीजामा पहनाने का काम किया है. गांव के सरपंच बलराज सिंह जागलान ने अंडरपास के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया. इस अवसर पर ग्रामीणों ने बीजेपी सरकार, इसराना विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार का विशेष तौर पर आभार व्यक्त किया. इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने में कप्तान सिंह जागलान का विशेष रोल रहा है जिन्होंने प्रोजेक्ट को मंजूरी दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी.
