पानीपत | हरियाणा में सड़क नेटवर्क का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने पानीपत- जींद स्टेट हाइवे के पुनर्निर्माण कार्य का शुभारंभ किया हैं. इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट के शुभारंभ अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सैनी और PWD मंत्री रणबीर गंगवा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार आमजन के सफर को बेहतर बनाने की दिशा में अच्छी सड़कें उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है.
पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि पानीपत से जींद सड़क मार्ग मौजूदा समय में बिल्कुल खस्ताहाल स्थिति में पहुंच चुका है. कई जगहों पर सड़क गढ्ढों में तब्दील हो चुकी थी जिसके चलते वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी. परंतु अब इस सड़क के पुनर्निर्माण के लिए कुल 184.40 करोड़ रुपए की धनराशि को मंजूरी प्रदान की गई है.
2 चरणों में पूरा होगा काम
उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट को दो चरणों में पूरा किया जाएगा. पहले चरण में पानीपत से दरियापुर मोड तक के हिस्से का पुनर्निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा. इस हिस्से को फोरलेन बनाया जाएगा. फोरलेन बनने से वाहन चालकों का सफर सुरक्षित व आरामदायक हो जाएगा. कैबिनेट मंत्री ने बताया कि वन विभाग से एनओसी नहीं मिलने के चलते कुछ अड़चनें बनी हुई थी लेकिन प्रढाना गांव की पंचायत से आवश्यक भूमि लेकर अड़चन दूर कर ली गई है. इसके एवज में लगभग 11.32 करोड़ रुपये पंचायत को प्रदान किए गए हैं जिसके बाद वन विभाग की एनओसी मिलने पर काम शुरू हो सका है.
इस हिस्से की बढ़ेगी चौड़ाई
कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि सफीदों से जींद सड़क मार्ग के हिस्से की चौड़ाई बढ़ाकर 10 मीटर किया जाएगा. इस हिस्से में जमीन उपलब्ध नहीं होने के चलते सड़क को फोरलेन बनाने में अड़चन आई है. सौधापुर, मतलौडा और नारा क्षेत्र में सड़क के किनारों पर इंटरलॉकिंग टाइलें लगाई जाएंगी और जल निकासी के लिए सीमेंटेड नालों का निर्माण किया जाएगा ताकि बारिश के दौरान जलभराव से वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो. उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट के सुचारू संचालन के लिए संबंधित विभागों को अलग-अलग बजट राशि आवंटित कर दी गई है.
