पानीपत | हरियाणा सरकार (Haryana Govt) द्वारा वित्त वर्ष 2025- 26 की बजट में पानीपत जिले के लिए कई बड़ी घोषणाएं की गई है. मुख्यमंत्री नायब सैनी द्वारा की गई इन घोषणाओं में 3 घोषणाएं स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने से जुड़ी हुई है. टेक्सटाइल नगरी होने के चलते उद्यमियों और श्रमिकों के लिए भी कई घोषणाएं बजट में की गई है.
1 अप्रैल से लागू होगी नीतियां
अपने बजट भाषण में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि पानीपत, गुरुग्राम, यमुनानगर और फरीदाबाद जिलों के औद्योगिक संगठनों द्वारा दिए गए सुझावों पर मंथन उपरांत मैंने कुछ नीतिगत निर्णय लिए हैं. ये उद्यमियों एवं श्रमिकों, दोनों के हितों को बढ़ावा देंगे और राज्य में औद्योगिक विकास के एक नये युग का सूत्रपात करेंगे.
सीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने फैसला लिया है कि कम- से- कम 50 उद्यमी जिनकी इकाइयां कम से कम 10 एकड़ भूमि पर स्थित हैं. यदि सामूहिक रूप से एक पोर्टल पर अपना आवेदन करेंगी तो ऐसी सभी औद्योगिक इकाईयो को सरकार द्वारा समूह के आवेदन पर अंतिम निर्णय लिए जाने तक सभी विभागों द्वारा वैध औद्योगिक इकाई माना जाएगा.
उन्होंने आगे कहा कि HSVP से HSIIDC में हस्तांतरित हुई औद्योगिक संपदाओं में लगे उद्योगों के मालिकों को ट्रांसफर, आक्युपेशन सर्टिफिकेट (ओसी), प्रोजेक्ट कम्पलीशन सर्टिफिकेट इत्यादि लेने में आ रही कठिनाईयों को समाप्त करने के लिए सरकार ने निर्णय लिया है कि अब HSIIDC उन प्लॉट धारकों को केवल HSVP द्वारा जारी मूल आवंटन पत्रों की शर्तों व नीति के अनुसार नियंत्रित करेगा न कि HSIIDC की अपनी ईएमपी के अनुसार. ये नीतियां 1 अप्रैल से लागू होगी.
स्वास्थ्य सुविधाओं में इजाफा
बजट भाषण में मुख्यमंत्री ने कहा कि माताओं और शिशुओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए मातृ मृत्यु दर, नवजात मृत्युदर, शिशु मृत्युदर तथा 5 वर्ष से कम आयु के शिशुओं की मृत्यु दर में सुधार लाने के उद्देश्य से पंचकूला, पानीपत, फरीदाबाद, सोनीपत, पलवल, सिरसा, कैथल, महेन्द्रगढ़ के जिला अस्पतालों व मैडीकल कॉलेज नूंह में कुल 9 अति आधुनिक मातृ एंव शिशु स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव रखता हूं.
हरियाणा बजट में पानीपत के लिए घोषणाएं
- अत्याधुनिक मातृत्व- शिशुत्व केंद्र स्थापना.
- जिला अस्पताल अब 200 से 300 बेड का होगा.
- अस्पताल में 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक निर्माण.
- अस्पताल को मिलेगी एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस.
- पानीपत शहर में CETP स्थापना की जाएगी.
- कामकाजी महिलाओं के लिए महिला छात्रावास.
- बीज परीक्षण केंद्र की स्थापना की जाएगी.
- मॉडल स्कूल में बनेगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन स्पोर्ट्स.
