पानीपत | हरियाणा के पानीपत शहर से एक शराबी द्वारा जमकर उत्पात मचाने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां इंडस्ट्रियल एरिया सेक्टर- 29 के पार्ट 2 में शराब के नशे में चूर एक व्यक्ति बिजली की हाइवोल्टेज लाइन पर चढ़ गया और 25 फीट ऊंचाई की इन तारों पर अजीबो- गरीब करतब दिखाने लगा. इस दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ मौजूद रही.
बिजली की तारों पर योगा करने लगा शराबी
पानीपत के सेक्टर- 29 में बिजली निगम की ओर से 33 kV सब- स्टेशन लाइन बिछाने का काम चल रहा है. इनमें अभी करंट नही है. शनिवार शाम शराब के नशे में धुत्त एक युवक इन तारों पर चढ़ गया. अर्द्धनग्न अवस्था में युवक बिजली की तारों पर लटकते हुए योगासन करने लगा. तारों पर इधर- उधर झूलता देख मौके पर मौजूद लोगों की सांसें अटक गई कि कहीं ये व्यक्ति ऊपर से गिर न जाए.
मौके पर मौजूद लोगों में से किसी ने पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 112 पर काल किया. सूचना मिलते ही सेक्टर- 29 थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने बिजली की तारों पर चढ़े युवक को समझाते हुए नीचे उतरने को कहा लेकिन शराबी नहीं माना.
25 फीट ऊंचाई से गिरा
इस दौरान जैसे ही उस युवक ने एक तार से दूसरे तार पर झूलने का प्रयास किया, तो वह 25 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गया. इसके बाद, युवक उठ नहीं पाया. पुलिस ने तुरंत प्रभाव से उक्त व्यक्ति को दबोच लिया और अस्पताल पहुंचाया. पुलिसकर्मियों ने बताया कि युवक ने शराब पी रखी थी और गनीमत यह रही कि बिजली के तारों में करंट नही था. मौके पर मौजूद लोगों ने इस घटनाक्रम का वीडियो बना लिया. यह ड्रामा करीब 1 घंटे तक चला.
