पानीपत | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. साथ लगते राज्यों के प्रमुख धार्मिक एवं टूरिस्ट स्थलों के लिए सीधी बसें संचालित की जा रही है. इसके अलावा, यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाने के उद्देश्य से रोडवेज बेड़े में एसी बसों को शामिल किया जा रहा है. इसी कड़ी में पानीपत रोडवेज डिपो को पहली बार 10 नई एसी बसों की सौगात मिली है.
हरिद्वार के लिए चलेगी AC बसें
पानीपत रोडवेज डिपो के बेड़े में शामिल हुई 10 एसी बसों में से 2 बसों को भोलेनाथ की नगरी हरिद्वार के लिए संचालित किया जाएगा. डिपो के एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार को पानीपत के सिवाह स्थित नए बस स्टैंड से हरिद्वार जाने वाली पहली एसी बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया है. उन्होंने बताया कि हरिद्वार के लिए पहली बस सुबह 10.40 बजे और दूसरी बस दोपहर 1 बजे रवाना होगी.
उन्होंने बताया कि यात्रियों की संख्या व सुविधा का ख्याल रखते हुए इन दोनों बसों की समय- सारणी में बदलाव का फैसला लिया जा सकता है. पहले ही दिन यात्रियों का रिस्पांस अच्छा रहा है और दोनों बसों में सीटों पर सवारियों की उपस्थिति रही है. इन बसों में हरिद्वार के लिए प्रति व्यक्ति यात्री किराया 360 रुपए निर्धारित किया गया है. सामान्य बसों में हरिद्वार जाने के लिए 285 रुपए किराया लगता है. यानि यात्री थोड़े से अधिक किराए का भुगतान कर चिलचिलाती गर्मी से एसी बस के सफर का मजा ले सकेंगे.
इन रूटों पर भी संचालित हुई एसी बसें
पानीपत डिपो के अधिकारी ने बताया कि 10 नई एसी बसों में से 2 बसों को हरिद्वार के लिए चलाया गया है. इसके अलावा, 2 एसी बसें वाया जींद, हांसी, हिसार और फतेहाबाद होकर सिरसा के लिए सफर करेगी. वहीं, बाकी 6 बसें दिल्ली ISBT से जम्मू, कटरा, लुधियाना व जालंधर सहित लंबे रूटों पर चलेंगी.
