पानीपत | हरियाणा में नया हाइवे बनने की उम्मीद लगाए बैठे प्रदेश के लोगों को बड़ा झटका पहुंचा है. बता दें कि पंजाब- राजस्थान की सीमा से सटे सिरसा के डबवाली से पानीपत तक बनने वाले नेशनल हाईवे की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) अभी तक मंजूर नहीं हुई है. 2 साल पहले यह DPR केंद्र सरकार के पास भेजी गई थी.
पूर्व डिप्टी सीएम का था ड्रीम प्रोजेक्ट
साल 2021 में तत्कालीन BJP- JJP सरकार में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने इस नेशनल हाईवे को बनाने की घोषणा की थी. उस समय दुष्यंत चौटाला के पास पीडब्ल्यूडी विभाग भी था. 80 लाख रूपए खर्च कर इस हाइवे की डीपीआर तैयार कराई गई थी. डबवाली से पानीपत तक बनने वाले इस हाइवे के निर्माण से राजस्थान और पंजाब के इलाकों के साथ- साथ टेक्स्टाइल नगरी पानीपत को भी बड़ा फायदा पहुंचेगा.
इस नए हाइवे के माध्यम से प्रदेश के 14 प्रमुख कस्बों को आपस में कनेक्टिविटी मिलेगी. इस प्रस्तावित फोरलेन हाइवे के निर्माण के लिए अनुमानित लागत राशि लगभग 6500 करोड़ रूपए आंकी गई है. हिसार के नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के अधिकारी ने बताया कि केंद्र सरकार से डीपीआर को मंजूरी मिलने पर इस हाईवे का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा.
इन कस्बों से गुजरेगा हाइवे
इस हाइवे के निर्माण से टेक्सटाइल नगरी पानीपत के उद्योगपतियों के लिए सिरसा से कपास लाना आसान हो जाएगा. यह फोरलेन हाइवे गांव सिवाह से शुरू होकर सुताना, थर्मल, ऊंटला, नारा, असंध, नगुरां, उचाना, लितानी, उकलाना, सनियाणा, भूना, रतिया, हांसपुर, सरदुलगढ़, रोडी, कांलावाली से डबवाली तक विकसित होगा.
मेरठ से बीकानेर तक कनेक्टिविटी
यह नेशनल हाईवे सिवाह के पास शुरू होकर NH- 709 से जुड़ेगा. इस हाइवे को सिरसा के चौटाला गांव से गुजर रहे अमृतसर- जामनगर एक्सप्रेस-वे से जोड़ा जाएगा, जिससे मेरठ से बीकानेर तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी.
