पानीपत | इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) की तरफ से स्टूडेंट्स को घर बैठे डिग्री और कोर्सेज करने का मौका दिया जाता है. इग्नू के जरिए आप नौकरी के साथ- साथ भी पढ़ाई कर सकते हैं. इग्नू आपको ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई करने का मौका देती है. इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी ने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के छात्रों के लिए उच्च शिक्षा को और सरल बनाने के लिए एक नई पहल की है.
IGNOU में देनी होगी आधी फीस
क्षेत्रीय निदेशक डॉ. धर्म पाल की ओर से बताया गया कि विश्वविद्यालय अब बीएएम, बीकॉमएफ और बीएससीएम पाठ्यक्रमों में एससी- एसटी छात्रों को प्रवेश शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट देगा यानी कि अब एससी और एसटी वर्ग के छात्रों के लिए प्रवेश शुल्क आधा हो जाएगा. इसके लिए कुछ नियम निर्धारित किए गए हैं. डॉ. धर्म पाल के मुताबिक इस शुल्क छूट का लाभ सिर्फ उन्हीं छात्रों को मिलेगा जिनके माता पिता अथवा अभिभावक की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से ज्यादा नहीं है.
ऐसे करें अप्लाई
इसके लिए छात्रों के पास वैलिड आय प्रमाण पत्र (राज्य सरकार द्वारा जारी) तथा एससी/ एसटी प्रमाण पत्र (केंद्र अथवा राज्य सरकार द्वारा जारी) होना चाहिए. इच्छुक अभ्यर्थी इग्नू की आधिकारिक प्रवेश वेबसाइट ignouadmission.samarth.edu.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते है. आवेदन करते समय आय प्रमाण पत्र और एससी, एसटी प्रमाणपत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेज अनिवार्य रूप से अपलोड करने होंगे.
अंतिम तिथि 31 जनवरी
डॉ. धर्म पाल ने बताया कि इग्नू क्वालिटी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और रिजर्व कैटिगरी के विद्यार्थियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है ताकि एससी- एसटी वर्ग के विद्यार्थी उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ पाएं. उन्होंने यह भी साफ किया कि एडमिशन के लिए यूजीसी डेब (डीईबी) आईडी बनाना अनिवार्य है. स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश की लास्ट डेट 31 जनवरी 2026 तय की गई है. ऐसे में जो भी उम्मीदवार इग्नू में एडमिशन लेना चाहते हैं वह जल्द से जल्द अपना आवेदन कर सकते हैं.
