हरियाणा में बिजली बिल बकायेदारों के 1 नवंबर से काटे जाएंगे कनेक्शन, जारी हुए आदेश

पानीपत | उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) ने बिजली बिल बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. जिन उपभोक्ताओं का बिजली बिल बकाया है और 31 अक्टूबर तक भुगतान नहीं करते हैं तो उनका कनेक्शन काटा जाएगा. इसको लेकर चेयरमैन पीके दास ने प्रदेश के सभी अधीक्षण अभियंताओं को सख्त निर्देश दिए हैं.

light

उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में बिजली उपभोक्ताओं पर 7400 करोड़ रूपए की राशि बकाया है. वहीं, पानीपत सर्कल की बात करें तो चालू कनेक्शन वाले 37 हजार 145 उपभोक्ताओं पर करीब 88.94 करोड़ की राशि बकाया है. बकायेदारों में घरेलू, इंडस्ट्री से लेकर कृषि कनेक्शन धारक भी उपभोक्ता शामिल हैं.

धान के सीजन में उम्मीद

वैसे तो बिजली विभाग समय- समय पर कनेक्शन काटने की चेतावनी जारी करता रहता है लेकिन इस बार विभाग ने कार्रवाई को चेतावनी से आगे बढ़ाकर हर हाल में कनेक्शन काटने की योजना तैयार की है. फिलहाल धान कटाई और कढ़ाई का सीजन जोरों पर है और धान बिक्री के बाद किसानों की जेब में पैसा होगा.

ऐसे में बिजली विभाग को उपभोक्ताओं से बकाया बिल राशि की रिकवरी होने की काफी उम्मीदें हैं. वैसे भी सर्कल में सबसे ज्यादा डीएस (ग्रामीण) उपभोक्ताओं पर 36.14 करोड़ की राशि बकाया है. जबकि कृषि कनेक्शन धारक उपभोक्ताओं पर 7.84 करोड़ की राशि बकाया है.

कनेक्शन काटने की पूरी तैयारी

पानीपत सर्कल के अधीक्षण अभियंता धर्मबीर छिक्कारा ने बताया कि चालू कनेक्शन वाले हजारों उपभोक्ताओं पर करोड़ों रुपये की बिल राशि बकाया है. जो बकायेदार उपभोक्ता 31 अक्टूबर तक बिल राशि नहीं भरेगा, उसका कनेक्शन काटा जाएगा. इसको लेकर हर सब डिवीजन में टीमें गठित की गई है, जो कनेक्शन काटने का अभियान शुरू करेगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.